मुंबई। सुपरहीरो ‘शक्तिमान’ और ‘भीष्म पितामह’ जैसे ऐतिहासिक किरदार निभा चुके अभिनेता मुकेश खन्ना ने सुधांशु राय के नए शो ‘ड्रीमर्स’ के पहले एपिसोड में अपने करियर के संघर्ष भरे दिनों का जिक्र करते हुए एक चौंकाने वाला खुलासा किया। इस एपिसोड में सुधांशु राय ने मुकेश खन्ना की ज़िंदगी की उन बातों को उजागर किया जो अब तक अनकही थीं। उन्होंने बताया कि एक समय जब मुकेश खन्ना की फिल्म ‘खूनी’ के दो रील्स उनके बड़े भाई जग्गी खन्ना ने यश चोपड़ा को दिखाए, तो यश चोपड़ा ने तंज कसते हुए कहा – “जब फॉरेन लिकर मिल रही हो, तो देसी कौन पिएगा?” यानि उन्होंने मुकेश खन्ना की तुलना ‘देसी शराब’ से की और उस दौर के बड़े सितारों जैसे अमिताभ बच्चन और विनोद खन्ना को ‘फॉरेन लिकर’ बताया। हालांकि उन्होंने मुकेश की एक्टिंग की सराहना की, लेकिन यह टिप्पणी खन्ना को काफी चुभी और इसके बाद दोनों कभी आमने-सामने नहीं आए।
इस तिरस्कार के बावजूद मुकेश खन्ना ने हार नहीं मानी और अपने दम पर इंडस्ट्री में ऐसी पहचान बनाई जो आज भी लोगों के दिलों में ज़िंदा है। ‘ड्रीमर्स’ का पहला एपिसोड एक प्रेरणादायक कहानी बनकर उभरा है, जो दर्शकों को उनके सपनों के पीछे खड़े संघर्ष और हौसले की गहराई से रूबरू कराता है।

