ईशा देओल की ‘घूंघट’ में छिपा है बड़ा रहस्य

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा देओल अपने फिल्मी करियर में एक नया और दिलचस्प अध्याय जोड़ने जा रही हैं। आगामी फिल्म ‘घूंघट’ के जरिए वह पहली बार हॉरर-कॉमेडी जॉनर में नजर आएंगी। निर्देशक राजीव रुईया और निर्माता देवेश कुमार की इस फिल्म में डर, हंसी, रोमांस, फैंटेसी और भावनाओं का ऐसा मिश्रण देखने को मिलेगा, जो दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देने का वादा करता है।
फिल्म को लेकर उत्साहित ईशा देओल कहती हैं, “घूंघट’ मेरे लिए एक बिल्कुल नया जॉनर है। मैंने हॉरर और कॉमेडी दोनों तरह की फिल्में की हैं, लेकिन दोनों का यह संगम बेहद खास और रोमांचक है।” उनका मानना है कि फिल्म सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके भीतर एक गहरा सामाजिक और भावनात्मक संदेश भी छिपा है।
रहस्यमयी गांव जांगीपुरा की पृष्ठभूमि पर आधारित इस कहानी में ‘भूरी’ नामक आत्मा का दर्दनाक अतीत पूरे गांव को एक भयावह अभिशाप में जकड़ देता है। ईशा कहती हैं, “इस कहानी की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह दर्शकों को हंसाती भी है, डराती भी है और सोचने पर भी मजबूर करती है।” ‘घूंघट’ के जरिए ईशा देओल एक बार फिर साबित करने जा रही हैं कि वे हर नए किरदार और चुनौती को पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनाने में विश्वास रखती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.