नई दिल्ली। सामाजिक एवं मानवीय सेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था “हम्रो स्वाभिमान ट्रस्ट” ने दिल्ली सरकार द्वारा संचालित “यमुना सफाई अभियान” के अंतर्गत आरएसएस पर्यावरण प्रकोष्ठ के सहयोग से यमुना नदी के पवित्र तट राम घाट पर एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से घाट क्षेत्र की सफाई कर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। अभियान के दौरान नदी तट पर फैले प्लास्टिक कचरे, पुराने वस्त्रों तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्र कर उनका उचित निस्तारण किया गया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के आह्वान पर आयोजित इस मेगा यमुना सफाई अभियान में 500 से अधिक सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों ने भाग लिया। “हम्रो स्वाभिमान ट्रस्ट” ने भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए स्वच्छ पर्यावरण और जन-जागरूकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
अभियान की सफलता के बाद ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों श्री प्रेम क्षेत्री, श्रीमती अनीता ज्ञावली तथा श्री राकेश प्रधान ने इस पवित्र और महत्वपूर्ण कार्य में अपना समय, श्रम और सहयोग देने वाले सभी स्वयंसेवकों, सहयोगियों और ट्रस्ट सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
ट्रस्ट नेतृत्व ने कहा कि यमुना की स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से भी पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
साथ ही, “हम्रो स्वाभिमान ट्रस्ट” ने आने वाले समय में दिल्ली क्षेत्र में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण तथा “ऑपरेशन शुद्धि” जैसे सामाजिक अभियानों को और अधिक व्यापक स्तर पर चलाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

