नई दिल्ली। बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र में रविवार को भारतीय जनता पार्टी के झड़ौदा मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. चंदर प्रकाश धवन ने सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की।
दिल्ली प्रदेश भाजपा के आह्वान पर आयोजित यमुना स्वच्छता अभियान के अंतर्गत डॉ. धवन ने यमुना तट पर पहुंचकर सफाई अभियान में भाग लिया और लोगों को स्वच्छ पर्यावरण तथा नदी संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसकी स्वच्छता और संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्वच्छता अभियान के उपरांत डॉ. चन्दर प्रकाश धवन ने बुराड़ी मेन 100 फुटा रोड स्थित लेबर चौक पर श्रमिकों, राहगीरों और जरूरतमंद लोगों के लिए जलपान एवं जल सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को छोले-भटूरे वितरित किए गए। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए पूरे दिन शर्बत वितरण कर लोगों को राहत पहुंचाई गई।
इस अवसर पर डॉ. चंदर प्रकाश धवन ने कहा कि समाज सेवा भारतीय संस्कृति की मूल भावना है और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा, “इस भीषण गर्मी में जब भी हमें अवसर मिलता है, हम अपने साथियों के साथ मिलकर समाज के लिए कुछ सकारात्मक करने का प्रयास करते हैं। सेवा ही हमारा संकल्प है और जनकल्याण ही हमारी प्रेरणा है।”
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित लोगों ने डॉ. चन्दर धवन और उनकी टीम द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। स्थानीय लोगों का कहना था कि इस प्रकार के सेवा कार्य न केवल जरूरतमंदों को राहत प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना को भी मजबूत बनाते हैं। बुराड़ी क्षेत्र में आयोजित यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा के प्रति जनजागरण का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आया।

