नई दिल्ली। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने ग्राहकों की सुविधा और आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अपने नए पीढ़ी के कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर ब्रांड ‘एचपी नव्या’ को लॉन्च किया है। इस पहल के तहत एचपीसीएल ने भारत के अग्रणी क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट के साथ साझेदारी की है, जिससे ग्राहक अब एचपी नव्या सिलेंडर को ऑनलाइन ऑर्डर कर घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे।
एचपीसीएल ने कहा कि बदलती जीवनशैली और डिजिटल सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी एलपीजी को पहले से अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने की दिशा में काम कर रही है। इंस्टामार्ट के साथ साझेदारी ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और आसान तरीके से एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
आधुनिक जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है एचपी नव्या
एचपी नव्या एक 10 किलोग्राम क्षमता वाला हल्का कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर है, जिसे आधुनिक जीवनशैली को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यह सिलेंडर वजन में हल्का, सुरक्षित और जंग-रोधी है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता इसका पारदर्शी (ट्रांसलूसेंट) बाहरी ढांचा है, जिससे उपभोक्ता आसानी से गैस का शेष स्तर देख सकते हैं।
कॉम्पैक्ट और आकर्षक डिजाइन वाला यह सिलेंडर अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों, छोटे परिवारों, कामकाजी पेशेवरों, छात्रों और अतिरिक्त एलपीजी सिलेंडर की आवश्यकता रखने वाले उपभोक्ताओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी माना जा रहा है।
डिजिटल सुविधा और भरोसेमंद सेवा का संगम
इस साझेदारी के माध्यम से एचपीसीएल के भरोसेमंद एलपीजी वितरण नेटवर्क को इंस्टामार्ट के तेज डिलीवरी प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। कंपनी का कहना है कि इससे ग्राहकों को बेहतर अनुभव मिलेगा, जबकि सुरक्षा और विश्वसनीयता के उच्चतम मानकों को भी बनाए रखा जाएगा।
एचपीसीएल के निदेशक (मार्केटिंग) अमित गर्ग ने कहा कि ग्राहकों की आवश्यकताएं लगातार बदल रही हैं और कंपनी उनकी जरूरतों के अनुरूप नवीन समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, “हम नए भारत के लिए एलपीजी को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बना रहे हैं। एचपी नव्या हमारे नवाचार और ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण का प्रतीक है। इंस्टामार्ट के माध्यम से हम डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ग्राहकों तक तेजी से पहुंच सकेंगे और उनके अनुभव को बेहतर बना पाएंगे।”
इंस्टामार्ट ने बताया रोजमर्रा की जरूरतों का नया विस्तार
इंस्टामार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमितेश झा ने कहा कि इंस्टामार्ट अब केवल किराना उत्पादों तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि लोगों के दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।
उन्होंने कहा, “एचपीसीएल के साथ साझेदारी के जरिए हम एक आवश्यक घरेलू सेवा को भी इंस्टामार्ट से जोड़ रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को एलपीजी जैसी जरूरी सुविधा तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय तरीके से उपलब्ध हो सकेगी।”
बेंगलुरु से होगी शुरुआत
एचपीसीएल ने बताया कि फिलहाल इस सेवा की शुरुआत बेंगलुरु में पायलट परियोजना के रूप में की जा रही है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से एचपी नव्या सिलेंडर की उपलब्धता देश के अन्य शहरों में भी बढ़ाई जाएगी।
कंपनी का मानना है कि एचपी नव्या का लॉन्च नवाचार, डिजिटल परिवर्तन और ग्राहक सुविधा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा। क्विक-कॉमर्स की गति और स्वच्छ ऊर्जा समाधान को जोड़कर एचपीसीएल भारत में एलपीजी खरीदने के अनुभव को नई दिशा देने की तैयारी में है।

