ISSF वर्ल्ड कप: सोनम उत्तम मस्कर और हिमांशु ढिल्लों ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में जीता कांस्य पदक

हांगझोउ में भारत की झोली में आया चौथा पदक; एलावेनिल वलारिवन और पार्थ राकेश माने चौथे स्थान पर रहे

रणवीर सिंह


हांगझोउ (चीन)।
भारत के निशानेबाज सोनम उत्तम मस्कर और हिमांशु ढिल्लों ने चीन के हांगझोउ में चल रहे ISSF राइफल/पिस्टल/शॉटगन विश्व कप की 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ भारत के अभियान में एक और पदक जुड़ गया।

क्वालिफिकेशन दौर में भारत की दोनों टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर फाइनल में जगह बनाई। सोनम उत्तम मस्कर (317.2) और हिमांशु ढिल्लों (317.4) ने कुल 634.6 अंक हासिल किए, जबकि एलावेनिल वलारिवन (316.8) और पार्थ राकेश माने (317.4) की जोड़ी 634.2 अंक के साथ फाइनल में पहुंची।

फाइनल में सोनम और हिमांशु ने संयमित प्रदर्शन करते हुए 441.2 अंक (दोनों के 220.6-220.6 अंक) अर्जित किए और चीन-1 तथा चीन-2 के बाद तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। वहीं एलावेनिल और पार्थ की जोड़ी 378.8 अंक (एलावेनिल 190.5, पार्थ 188.3) के साथ चौथे स्थान पर रही।

पदक जीतने के बाद सोनम उत्तम मस्कर ने कहा, “प्रतियोगिता काफी चुनौतीपूर्ण थी और यह अनुभव बेहद शानदार रहा। पदक जीतने से आत्मविश्वास बढ़ता है और आने वाली प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरणा मिलती है। अनुभव सबसे महत्वपूर्ण होता है और यह प्रदर्शन हमें इस वर्ष होने वाले एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप की तैयारी में मदद करेगा।”

अपने पहले वरिष्ठ ISSF विश्व कप फाइनल में खेलने वाले हिमांशु ढिल्लों ने कहा, “अपने पहले सीनियर विश्व कप फाइनल में उतरना मेरे लिए शानदार अनुभव रहा। मैंने खुद पर भरोसा रखा, अपने कोच के मार्गदर्शन का पालन किया और अपनी क्षमताओं पर विश्वास बनाए रखा। जूनियर स्तर पर कई फाइनल खेले हैं, लेकिन सीनियर विश्व कप में पहला पदक जीतना मेरे लिए बेहद खास है।”

23 वर्षीय सोनम उत्तम मस्कर, जो महाराष्ट्र के कोल्हापुर की रहने वाली हैं, इससे पहले 2024 ISSF विश्व कप काहिरा और नई दिल्ली ISSF विश्व कप फाइनल में रजत पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने ग्रेनाडा ISSF विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया था।

वहीं 20 वर्षीय हिमांशु ढिल्लों, हरियाणा के जींद के निवासी हैं। उन्होंने 2025 ISSF जूनियर विश्व कप, नई दिल्ली में 10 मीटर एयर राइफल जूनियर पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद उन्होंने एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इस कांस्य पदक के साथ ISSF विश्व कप हांगझोउ में भारत की कुल पदक संख्या चार (1 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य) हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.