नई दिल्ली। वैश्विक टायर प्रौद्योगिकी कंपनी मिशलिन ने भारतीय बाजार में अपने नए प्रीमियम पैसेंजर कार टायर मिशलिन प्रिमसी 5 (Michelin Primacy 5) को लॉन्च कर दिया है। यह भारत में निर्मित मिशलिन का पहला पैसेंजर कार टायर है, जिसे विशेष रूप से सेडान, एसयूवी और इलेक्ट्रिक वाहनों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। कंपनी का दावा है कि नया टायर सुरक्षा, आराम, टिकाऊपन और ऊर्जा दक्षता के मामले में बेहतर प्रदर्शन करेगा।
गीली सड़क पर बेहतर सुरक्षा का दावा
मिशलिन के अनुसार, प्रिमसी 5 टायर गीली सड़कों पर वाहन की ब्रेकिंग क्षमता को बेहतर बनाता है। कंपनी का दावा है कि नए टायर की स्थिति में यह प्रतिस्पर्धी उत्पादों की तुलना में वाहन की ब्रेकिंग दूरी 8 मीटर तक कम कर सकता है। वहीं, टायर के घिस जाने के बाद भी यह बढ़त 9 मीटर तक बनी रहती है। इसके अलावा, सूखी सड़क पर भी वाहन की रुकने की दूरी 4 मीटर तक कम होने का दावा किया गया है।
कंपनी ने बताया कि इस टायर में एवरट्रेड (EverTread) और एवरग्रिप (EverGrip) तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे नए और घिसे दोनों ही अवस्थाओं में सड़क पर मजबूत पकड़ बनी रहती है।
9 प्रतिशत अधिक आरामदायक सफर
मिशलिन का कहना है कि प्रिमसी 5 यात्रियों को अपनी श्रेणी के अन्य टायरों की तुलना में 9 प्रतिशत अधिक आरामदायक ड्राइविंग अनुभव प्रदान करता है। इसमें विशेष ट्रेड पैटर्न का इस्तेमाल किया गया है, जो सड़क के शोर को कम करता है और वाहन के अंदर शांत वातावरण बनाए रखता है। लंबी दूरी की यात्रा के दौरान चालक और यात्रियों को कम थकान महसूस हो, इसके लिए भी इसकी संरचना को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है।
पिछले मॉडल से 8 प्रतिशत अधिक टिकाऊ
कंपनी के अनुसार, मिशलिन प्रिमसी 5 अपने पिछले मॉडल की तुलना में 8 प्रतिशत अधिक लंबी आयु प्रदान करता है। साथ ही इसकी ऊर्जा दक्षता भी बेहतर है। मिशलिन का दावा है कि मिशलिन प्रिमसी 4 एसटी की तुलना में इसकी ऊर्जा दक्षता 6.5 प्रतिशत अधिक है, जिससे पेट्रोल और डीजल वाहनों में ईंधन की बचत और इलेक्ट्रिक वाहनों की सिंगल-चार्ज रेंज बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए भी उपयुक्त
प्रिमसी 5 को पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए विकसित किया गया है। कंपनी के मुताबिक, आधुनिक इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिक वजन और उच्च टॉर्क को ध्यान में रखते हुए इसकी संरचना तैयार की गई है, जिससे प्रदर्शन और टिकाऊपन दोनों बेहतर बने रहते हैं।
चेन्नई में हुआ अनावरण
मिशलिन प्रिमसी 5 का आधिकारिक अनावरण चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में किया गया। इस अवसर पर मिशलिन इंडिया के प्रबंध निदेशक शांतनु देशपांडे ने कहा कि भारत में प्रीमियम वाहनों का बाजार तेजी से विकसित हो रहा है और सुरक्षित, टिकाऊ तथा उच्च गुणवत्ता वाले टायरों की मांग लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि भारत में निर्मित प्रिमसी 5 का लॉन्च कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और यह भारतीय ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप उत्पाद उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि इस टायर का परीक्षण भारत में सबसे अधिक उपयोग होने वाले वाहनों पर किया गया है तथा इसकी गुणवत्ता का स्वतंत्र एजेंसी से भी परीक्षण कराया गया है।
‘टायर ऑफ द ईयर 2025’ का सम्मान
मिशलिन प्रिमसी 5 को ‘टायर ऑफ द ईयर 2025’ पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। यह सम्मान ‘टायर टेक्नोलॉजी इंटरनेशनल अवॉर्ड्स फॉर इनोवेशन एंड एक्सीलेंस 2025’ में प्रदान किया गया था।
अगस्त से देशभर में उपलब्ध
कंपनी ने घोषणा की है कि अगस्त 2026 से मिशलिन प्रिमसी 5 देशभर के मिशलिन टायर्स एंड सर्विसेज सेंटरों पर उपलब्ध होगा। इसके अलावा ग्राहक इसे मिशलिन के 800 से अधिक अधिकृत डीलरों के माध्यम से भी खरीद सकेंगे। कंपनी का मानना है कि यह नया टायर भारतीय ग्राहकों को विश्वस्तरीय सुरक्षा, बेहतर प्रदर्शन और अधिक आरामदायक ड्राइविंग अनुभव प्रदान करेगा।

