रणवीर सिंह
आइची-नागोया ( जापान) : सुरूची सिंह और कमलजीत सिंह की भारतीय जोड़ी ने शुक्रवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। इसके साथ ही भारत ने एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग का अपना पहला गोल्ड हासिल किया।
हरियाणा की इस जोड़ी ने फाइनल में कुल 484.6 अंक हासिल किए और नया एशियन रिकॉर्ड कायम किया। भारतीय जोड़ी ने इससे पहले उज्बेकिस्तान के नाम दर्ज 481.3 अंकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। भारत का स्कोर विश्व रिकॉर्ड से महज 3.8 अंक कम रहा।
सुरूची और कमलजीत ने फाइनल की शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। दक्षिण कोरिया की जोड़ी ने चुनौती देने की कोशिश की, लेकिन भारतीय निशानेबाजों ने दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए 6.6 अंकों की बढ़त के साथ स्वर्ण अपने नाम किया। दक्षिण कोरिया ने 478 अंकों के साथ रजत, जबकि ईरान ने 415.8 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।
यह आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत का दूसरा स्वर्ण पदक भी है।
क्वालिफिकेशन में भी बनाया रिकॉर्ड
सुरूची और कमलजीत ने फाइनल से पहले क्वालिफिकेशन में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने क्रमशः 196, 195 और 196 अंक हासिल करते हुए कुल 587-29x का स्कोर बनाया और शीर्ष स्थान हासिल किया।
इस स्कोर के साथ भारतीय जोड़ी ने एशियन गेम्स क्वालिफिकेशन रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में भारतीय जोड़ी सरबजोत सिंह और दिव्या सुब्बाराजू ने 577 का रिकॉर्ड बनाया था।
587-29x का स्कोर इस स्पर्धा के मौजूदा एशियन रिकॉर्ड की बराबरी भी रहा, जो भारत की मनु भाकर और सौरभ चौधरी ने 2021 में क्रोएशिया के ओसिजेक में हुए ISSF वर्ल्ड कप में बनाया था।
क्वालिफिकेशन में ईरान 584-17x के साथ दूसरे और दक्षिण कोरिया 582-23x के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इंडोनेशिया ने 580-30x के साथ चौथा स्थान हासिल किया।
भारतीय टीम में अंतिम समय में किए गए बदलाव के बाद सुरूची सिंह और कमलजीत सिंह की जोड़ी मैदान में उतरी और इस जोड़ी ने भारत को शूटिंग में बहुप्रतीक्षित पहला स्वर्ण दिला दिया।
NRAI ने दी बधाई
भारतीय जोड़ी की इस उपलब्धि पर नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के अध्यक्ष कालिकेश सिंह देव ने कहा कि सुरूची और कमलजीत ने दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने एशियन गेम्स के मंच पर स्वर्ण जीतने के साथ एशियन रिकॉर्ड तोड़कर अपनी प्रतिभा, तैयारी और संयम का परिचय दिया।
NRAI के महासचिव पवन कुमार सिंह ने भी दोनों निशानेबाजों को बधाई देते हुए कहा कि क्वालिफिकेशन में नया एशियन गेम्स रिकॉर्ड बनाने और फिर फाइनल में एशियन रिकॉर्ड तोड़ने की उपलब्धि बेहद शानदार है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के साथ उनके कोच और पूरी सपोर्ट टीम को भी इस सफलता का श्रेय दिया।
सुरूची सिंह और कमलजीत सिंह का यह स्वर्ण एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटिंग के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बन गया है।

