वियतजेट के ग्लोबल फ्लीट में अब स्टारलिंक का हाई-स्पीड वाई-फाई, 120 विमानों पर होगी शुरुआत

नई दिल्ली। वियतनाम की एयरलाइन वियतजेट ने अपने वैश्विक बेड़े में हाई-स्पीड इन-फ्लाइट वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्पेसएक्स की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत यात्रियों को उड़ान के दौरान मुफ्त और हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

यह समझौता वियतनाम के जनरल सेक्रेटरी और राष्ट्रपति तो लाम की अमेरिका यात्रा के दौरान वियतजेट, उसकी ग्रुप कंपनियों गैलेक्सी होल्डिंग्स और गैलेक्सी टेलीकॉम तथा स्टारलिंक के बीच हुआ। समझौते के दौरान दोनों देशों के वरिष्ठ नेताओं और व्यापारिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।

120 विमानों पर शुरू होगी स्टारलिंक सेवा

शुरुआती चरण में स्टारलिंक की कनेक्टिविटी 120 वियतजेट विमानों में उपलब्ध कराने की योजना है। इनमें 100 एयरबस A321/बोइंग 737 और 20 एयरबस A330 विमान शामिल हैं। एयरलाइन भविष्य में अपने बेड़े में शामिल होने वाले नए विमानों में भी हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने की योजना बना रही है।

इससे वियतजेट के घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। इसमें भारत-वियतनाम के बीच एयरलाइन का नेटवर्क भी शामिल है, जो दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, हैदराबाद और बेंगलुरु को हनोई और हो ची मिन्ह सिटी से जोड़ता है।

उड़ान के दौरान काम और मनोरंजन की सुविधा

स्टारलिंक की हाई-स्पीड और लो-लेटेंसी कनेक्टिविटी के जरिए यात्रियों को उड़ान के दौरान काम करने, परिवार और दोस्तों से जुड़े रहने, मनोरंजन स्ट्रीम करने और ऑनलाइन कंटेंट एक्सेस करने की सुविधा मिलेगी। समुद्रों, ध्रुवीय क्षेत्रों और दूर-दराज के इलाकों में भी कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की क्षमता इस सेवा की खासियत बताई गई है।

वियतजेट का उद्देश्य इन-फ्लाइट हाई-स्पीड वाई-फाई को केवल प्रीमियम सुविधा तक सीमित रखने के बजाय इसे नियमित हवाई यात्रा का हिस्सा बनाना है।

वियतजेट ने बताया टेक्नोलॉजी सहयोग का विस्तार

वियतजेट की चेयरवुमन डॉ. गुयेन थी फुओंग थाओ ने कहा कि स्टारलिंक के साथ साझेदारी के बाद हवा में बिताया गया समय ऑफलाइन रहने का समय नहीं रहेगा। यात्रियों को पूरी यात्रा के दौरान काम, मनोरंजन और परिवार-दोस्तों से संपर्क बनाए रखने की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह साझेदारी वियतजेट की इनोवेशन के प्रति प्रतिबद्धता और अधिक से अधिक लोगों तक आधुनिक तकनीक पहुंचाने की महत्वाकांक्षा को दर्शाती है।

वहीं, स्पेसएक्स में ग्लोबल बिजनेस और सरकारी मामलों के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट टिम ह्यूजेस ने कहा कि वियतजेट पर स्टारलिंक की शुरुआत से तेज और भरोसेमंद कनेक्टिविटी को और बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य वियतजेट और उसके यात्रियों को ऐसा कनेक्टिविटी अनुभव देना है, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक और बेहतर हो सके।

यह समझौता वियतजेट और स्पेसएक्स के बीच दीर्घकालिक तकनीकी सहयोग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। आधुनिक विमान बेड़े के साथ डेटा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीकी प्रतिभाओं में निवेश के जरिए वियतजेट अपने डिजिटल एविएशन इकोसिस्टम को विस्तार देने की दिशा में काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.