नई दिल्ली। प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में वायुत्रम ने अपनी शीतल वायु तकनीक प्रदर्शित की है। कंपनी ने इसे पारंपरिक कूलर के संभावित विकल्प के रूप में विकसित किया है। इसका उद्देश्य कम बिजली और पानी का उपयोग करते हुए कमरे को ठंडा रखने और उसकी वायु गुणवत्ता सुधारने में मदद करना है।
एनआईएफ इन्क्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप काउंसिल से जुड़े इस नवाचार को वायुत्रम के संस्थापक श्री योगेंद्र यादव और सह-संस्थापक डॉ. ए. के. पांडेय तथा श्री राम सजीवन विश्वकर्मा ने सलाहकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. संदीप तिवारी के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया है। श्री यादव ने कहा कि पानी और ऊर्जा के संरक्षण की बढ़ती जरूरत को ध्यान में रखते हुए इस तकनीक को रोजमर्रा के उपयोग के लिए विकसित किया गया है।
तकनीक के आविष्कारक एवं सह-संस्थापक श्री राम सजीवन विश्वकर्मा ने बताया कि प्रणाली की पानी की खपत 200 से 1,100 मिलीलीटर प्रति घंटा है। उनके अनुसार, यह प्रणाली प्रति घंटे लगभग 200 से 500 मिलीलीटर पानी एकत्र भी कर सकती है। उन्होंने बताया कि यह तकनीक कमरे का तापमान लगभग 27 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बनाए रखने और कमरे की वायु गुणवत्ता सुधारने में मदद कर सकती है।
कंपनी के अनुसार, इस तकनीक की प्रमुख विशेषताओं में 25 से 75 वाट की बिजली खपत, कम गति पर कम शोर, कम जगह की जरूरत और आसान रखरखाव शामिल हैं। इसके दोनों मॉडल घरेलू और व्यावसायिक उपयोग को ध्यान में रखकर विकसित किए गए हैं।
कंपनी ने बताया कि इस तकनीक को भारतीय पेटेंट कार्यालय से पेटेंट प्राप्त हो चुका है। भारत मंडपम में प्रदर्शनी के दौरान आगंतुक वायुत्रम के दोनों मॉडलों को देख रहे हैं और उनकी कार्यप्रणाली, बिजली की खपत तथा पानी के उपयोग के बारे में जानकारी ले रहे हैं।

