देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस 26 नवंबर 2026 को राजभवन घेराव करेगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (पीसीसी) में महानगर के सभी वार्ड अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी भी मौजूद रहे।
प्रीतम सिंह ने सोशल मीडिया पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि राजभवन घेराव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों और जनभागीदारी पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।
कांग्रेस के कार्यक्रम के अनुसार, 26 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से राजभवन तक विशाल पैदल मार्च निकाला जाएगा। पार्टी ने कार्यकर्ताओं और आम जनता से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस आंदोलन के माध्यम से प्रदेश सरकार के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद की जाएगी।

