अटल का जन्मदिन सुशासन दिवस के रूप में मनाने की तैयारियां शुरू

मेरठ । पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को भाजपा ने ’सुशासन दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। प्रदेश भर में अटल के जन्मदिन को भव्य रूप में मनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मेरठ महानगर में भी अटल के जन्मदिन पर भव्य आयोजन होगा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. महेंद्र नाथ पांडेय और महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाने का फरमान जारी किया है। बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर अटलजी के जन्मदिन को भव्य रूप में मनाया जाएगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर ने सभी जिलों को पत्र भेजकर कहा है कि बूथ स्तर-मंडल स्तर पर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी जिला कार्यकारिणी को बैठक करके एजेंडा तैयार किया जाए। जन्मदिन को इस बार ऐतिहासिक बनाने के लिए 2-3 बूथों के लिए एक कार्यक्रम प्रभारी बनाने की भी बात कही गई है। 25 दिसम्बर जन्मदिन से एक दिन पूर्व बूथ पर निवास करने वाले सभी कार्यकर्ताओं व समर्थकों को कार्यक्रम स्थान की सूचना देनी होगी। बूथ अध्यक्ष, बूथ समिति के साथ 23 दिसम्बर को बैठकर कार्यक्रम की योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए गए हैं। 25 दिसम्बर को जन्मदिन के अवसर पर अटलजी के सामाजिक, राजनीतिक योगदान की चर्चा की जाएगी।

केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जनता और कार्यकर्ताओं को बताया जाएगा। मौके पर अटल और अन्य राष्ट्रकवियों की कविताओं का काव्य पाठ होगा। कार्यकर्ता अपनी स्वरचित राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कविता का पाठ भी करेंगे। इस कविता को भाजपा के मुख पत्र ‘कमल ज्योति’ में भी प्रकाशित किया जाएगा। भाजपा के महानगर अध्यक्ष करूणेश नंदन गर्ग ने बताया कि इस बार अटलजी का जन्मदिन सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। महानगर के दस मंडल हैं। प्रत्येक मंडल में करीब 100 बूथों पर जन्मदिन मनाने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी बूथ वाले कार्यक्रम में महानगर स्तर का एक प्रतिनिधि पूरी तैयारियों और केंद्र-राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी के साथ मौजूद रहेगा। इस दौरान सभी को केंद्र और राज्य सरकार की सुशासन की जानकारी दी जाएगी। बूथ स्तर पर मौजूद रहने वाले महानगर कार्यकर्ताओं की पूरी सूची तैयार की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.