इहलोक से परलोक की यात्रा पर अटल बिहारी

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी अंतिम यात्रा पर चल पड़े हैं। हजारों की संख्या में लोग अपने प्रिय नेता को अश्रूपूर्ण विदाई दे रहे हैं। उनके अंतिम दर्शन की लालसा लिये हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर खड़े हैं। वहीं बड़ी संख्या में लोग उनके वाहन के साथ-साथ चल रहे हैं। पूरे देश से हजारों की संख्या में लोग वाजपेयी के अंतिम दर्शन करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंचे। वाजपेयी का पार्थिव शरीर कृष्ण मेनन मार्ग स्थित उनके आवास से सुबह 11 बजे दीन दयाल मार्ग पर भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय लाया गया। जहां बड़ी संख्या में बच्चे, बूढ़े, महिलाएं सभी मौजूद थे।
अपने नेता के अंतिम दर्शन के लिए लोग पेड़ों तक पर चढ़ गये। मुख्यालय के बाहर दो बड़े एलईडी स्क्रीन लगे हुए थे, ताकि जो अंदर नहीं जा सके वह भी वाजपेयी के अंतिम दर्शन कर सकें। वाजपेयी का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा भाजपा मुख्यालय से शुरू हो चुकी है। उनका अंतिम संस्कार यमुना के घाट पर ‘राष्ट्रीय स्मृति स्थल’ पर किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, तमाम कैबिनेट मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, विपक्षी दलों के नेताओं और अन्य लोगों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। विपक्षी नेताओं में से भाकपा के डी. राजा और माकपा के सीताराम येचुरी भी भाजपा मुख्यलय पहुंचे और वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी।
दिल्ली यातायात पुलिस के ट्वीट के अनुसार, अंतिम यात्रा बहादुर शाह जफर मार्ग, दिल्ली गेट, नेताजी सुभाष मार्ग, निषादराज मार्ग और शांति वन होते हुए ‘स्मृति स्थल’ पहुंचेगी। पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं। आज सुबह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चन्द्रबाबू नायडू, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सेना प्रमुख बिपिन रावत, नौसेना प्रमुख सुनील लाम्बा और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने वाजपेयी के अंतिम दर्शन किये। लंबी बीमारी के बाद कल शाम 93 वर्ष की आयु में वाजपेयी का एम्स में निधन हो गया।
अंतिम यात्रा के मद्देनजर आज दोपहर के बाद तमाम रास्ते बंद रहेंगे। कृष्ण मेनन मार्ग, सुनहरी बाग रोड, तुगलक रोड, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, मान सिंह रोड, भगवान दास रोड, शाहजहां रोड और सिंकदरा रोड आज सुबह आठ बजे से ही बंद हैं । यातायात पुलिस ने बताया कि दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, इन्द्रप्रस्थ मार्ग, तिलक ब्रिज से लेकर दिल्ली गेट तक और जवाहर लाल नेहरू मार्ग (राजघाट से दिल्ली गेट तक) तक बंद रहेंगे। लोगों को सलाह दी गयी है कि उत्तरी से दक्षिणी दिल्ली जाने के लिए वे अरबिन्दो मार्ग, सफदरजंग रोड, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट और मंदिर मार्ग का प्रयोग करें।

(इनपुट भाषा से)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.