लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ता (DA) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 16 लाख कर्मचारियों और 12 लाख पेंशनर्स को सीधा लाभ मिलेगा। बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ राज्य कर्मचारियों के साथ-साथ सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्य प्रभारित कर्मचारियों तथा यूजीसी वेतनमान पर कार्यरत पदधारकों को भी मिलेगा।
जारी आदेश के मुताबिक, 1 जनवरी 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक के महंगाई भत्ते का एरियर कर्मचारियों के भविष्य निधि (PF) खाते में जमा कराया जाएगा। वहीं मई 2026 का बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता जून महीने के वेतन के साथ दिया जाएगा।
सरकार के इस निर्णय को कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, खासकर बढ़ती महंगाई के बीच यह फैसला आर्थिक सहारा प्रदान करेगा।

