बिहार चुनाव परिणाम से पहले जदयू में जश्न का माहौल, लगा पोस्टर – “टाइगर अभी ज़िंदा है”

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से एक दिन पहले ही जदयू कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल नजर आने लगा है। एग्जिट पोल के रुझानों में एनडीए की सरकार बनती दिख रही है और जदयू को प्रमुख दल के रूप में उभरता बताया गया है। इसी उत्साह में जदयू के प्रदेश कार्यालय और विभिन्न जिलों में कार्यकर्ता एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं।
पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर एक बड़ा पोस्टर लगाया गया है, जिस पर लिखा है — “टाइगर अभी ज़िंदा है — दलित, महादलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा और स्वर्ण-अल्पसंख्यक के संरक्षण नीतीश कुमार हैं।” यह पोस्टर जदयू नेता और मंत्री रणजीत सिंह की ओर से लगाया गया है।
पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह पोस्टर नीतीश कुमार के नेतृत्व में जनता के भरोसे और विकास के प्रतीक के रूप में लगाया गया है। वहीं, जदयू कार्यालय में ढोल-नगाड़ों की आवाज़ और मिठाइयां बांटने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
दूसरी ओर, महागठबंधन के नेता तेजस्वी यादव ने एग्जिट पोल को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा है कि “असली नतीजे कल आएंगे, जनता महागठबंधन के पक्ष में मतदान कर चुकी है।”
अब पूरे बिहार की निगाहें कल आने वाले नतीजों पर टिकी हैं, जो तय करेंगे कि बिहार की सत्ता की बागडोर किसके हाथ में जाएगी — नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए या तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाला महागठबंधन।

Leave a Reply

Your email address will not be published.