एशियन गेम्स 2026: शूटिंग में भारत की शानदार शुरुआत, 10 मीटर एयर राइफल में दो रजत पदक

रणवीर सिंह 

आइची-नागोया (जापान) : जापान के आइची-नागोया में जारी 20वें एशियन गेम्स में भारत ने शूटिंग प्रतियोगिता की शुरुआत शानदार अंदाज में की। प्रतियोगिता के पहले ही दिन भारत ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा—दोनों में रजत पदक अपने नाम किए।

ओलंपियन इलावेनिल वालारिवान ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत फाइनल में रजत पदक जीता। वहीं, इलावेनिल, सोनम उत्तम मस्कर और विदार्सा कोचलुमकल विनोद की तिकड़ी ने टीम स्पर्धा में भी भारत को रजत दिलाया।

आखिरी शॉट तक चला मुकाबला

व्यक्तिगत फाइनल में इलावेनिल ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए 252.4 अंक हासिल किए। उन्होंने आखिरी शॉट तक स्वर्ण पदक की चुनौती बनाए रखी, लेकिन जापान की हिनाता ताइची ने 253.0 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। हिनाता ने इस प्रदर्शन के साथ नया एशियन गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया।

दक्षिण कोरिया की ओलंपिक चैंपियन बान ह्यो-जिन ने 230.4 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया। भारत की सोनम उत्तम मस्कर भी आठ निशानेबाजों के फाइनल में पहुंचीं और 167.0 अंक के साथ छठे स्थान पर रहीं।

टीम स्पर्धा में भी भारत को रजत

इससे पहले टीम स्पर्धा में भारतीय निशानेबाजों ने कुल 1898.0 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। सोनम ने क्वालिफिकेशन में 634.1 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। इलावेनिल ने 633.5 अंक के साथ सातवां और विदार्सा ने 630.4 अंक के साथ 12वां स्थान हासिल किया।

चीन ने 1904.2 अंकों के साथ टीम स्वर्ण पदक जीता, जबकि मेजबान जापान ने 1897.1 अंक के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

एशियन गेम्स में शूटिंग प्रतियोगिता 21 सितंबर को भी जारी रहेगी। सोमवार को पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में पदक दांव पर होंगे। इसके अलावा पुरुषों और महिलाओं की स्कीट स्पर्धा के क्वालिफिकेशन का भी आगाज होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.