छत्तीसगढ़ में अपने दम पर बनाएंगे सरकार : देव

नयी दिल्ली। चुनाव बाद राजनीतिक दलों में गठबंधन होने की अटकलों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी. एस. सिंह देव ने कहा है कि समर्थन के लिए दाएं या बाएं देखने की जरूरत नहीं है और उनकी पार्टी छत्तीसगढ़ में अपने दम पर सरकार बनाएंगी। उनकी यह टिप्पणी इस लिहाज से महत्वपूर्ण है क्योंकि चुनाव के नतीजों की घोषणा से पहले ही राजनीतिक दलों के गठबंधन करने की खबरें आ रही हैं।

छत्तीसगढ़ में 12 नवम्बर को 18 सीटों पर और 20 नवम्बर को 72 सीटों पर मतदान हुआ था। मतगणना 11 दिसम्बर को होगी। सिंह देव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मुझे जीत का भरोसा है। हमें स्पष्ट बहुमत मिलने जा रह है। हमें दाएं या बाएं देखने (समर्थन या चुनाव बाद गठबंधन के लिए) की जरूरत नहीं है।’’ बहुमत ना मिलने पर सरकार बनाने के लिए छत्तीगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का समर्थन स्वीकार करने के सवाल पर सिंह देव ने कहा, ‘‘भाजपा कार्यकाल के दौरान कुशासन कायम रहा। सभी सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार बढ़ा। किसान विशेष तौर पर काफी तनाव में हैं। यही वजह है कि बड़ी संख्या में लोग भाजपा के खिलाफ वोट देने के लिए निकले।’’ भाजपा के रमन सिंह पिछले 15 वर्ष से राज्य के मुख्यमंत्री हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में इस बार 76.5 प्रतिशत मतदान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.