पटना। केंद्र सरकार द्वारा बिहार में 29 नई रेल परियोजनाओं को मंजूरी मिलना राज्य के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय माना जा रहा है। हाजीपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत भगवानपुर–महुआ–समस्तीपुर रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। इसे बिहार के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है।
लोक जनशक्ति पार्टी के युवा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता डॉ. विभय कुमार झा ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए केंद्र सरकार और बिहार की एनडीए सरकार को बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि भगवानपुर–महुआ–समस्तीपुर रेल लाइन के निर्माण से रेल संपर्क अधिक सुलभ और सुगम होगा। इससे व्यापार, शिक्षा और आवागमन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार आएगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक रेल लाइन नहीं, बल्कि विकास, सुविधा और समृद्धि की नई पटरी है, जो बिहार को प्रगति के नए आयाम तक पहुंचाएगी।
डॉ. विभय कुमार झा ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान पूरे बिहार के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में जिन-जिन लोगों से उनकी मुलाकात हुई है, सभी ने श्री पासवान के कार्यों की सराहना की है।
उन्होंने आगे कहा कि यदि बिहार के सभी केंद्रीय नेता इसी तरह राज्यहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य करें, तो बिहार को विकसित राज्य बनने में अधिक समय नहीं लगेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

