कासगंज हिंसा मामले में अब तक 112 लोग गिरफ्तार

कासगंज । यूपी के कासगंज में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा रैली के दौरान शुरू हुई हिंसा के बाद इलाके में तनावपूर्ण शांति है। रविवार सुबह उपद्रवियों ने कासगंज की एक दुकान में आग लगा दी थी। हिंसा के सिलसिले में अब तक 112 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 7 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। आईजी संजीव गुप्ता ने बताया, ‘अब तक 112 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। तलाशी अभियान के दौरान विलराम गेट पर एक दुकान से पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं। स्थित पूर्ण रूप से नियंत्रण में है। दोपहर में बाजार भी खुल गए हैं। पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिसबल तैनात है।’ दूसरी ओर मृतक चंदन का मुख्य आरोपी शकील अब भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश के लिए कड़ी मशक्कत कर रही है। इस दौरान पुलिस ने शकील के घर की तलाशी ली, जहां देसी बम और पिस्टल मिले। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी शकील के बारे में पूछताछ की। हालांकि, यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने बयान जारी कर कहा है कि फिलहाल कासगंज में स्थिति नियंत्रण में है। नवनियुक्त डीजीपी ओपी सिंह ने कहा, ‘कासगंज में स्थिति अभी नियंत्रण में है। पिछले कुछ घंटों से कोई घटना सामने नहीं आई है। काफी संख्या में लोगों को गिरफ्तार किया गया है, पट्रोलिंग की जा रही है।’ इसी के साथ डीजीपी ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लक्ष्य बताया है। डीजीपी ने कहा कि लॉ ऐंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए कोई भी कदम उठाया जा सकता है। इसी के तहत अभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं के दौरे पर अभी प्रतिबंध लगाया गया है। डीजीपी ने माना कि कासगंज में दो समुदायों के बीच फसाद हुआ था। उन्होंने आगे कहा, ‘आरोपियों और असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। जरूरत पड़ने पर रासुका भी लगा सकते हैं। हमारे अधिकारी गिरफ्तारियां कर रहे हैं इसके साथ ही घर-घर तलाशी भी की जा रही है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published.