कानपुर। पूर्वी बंगाल की खाड़ी से पूर्वी हवाएं मध्य उत्तर प्रदेश में आ रही हैं। इसके साथ ही उत्तर पश्चिमी हवाएं भी उत्तर प्रदेश में आ रही हैं। इसकी वजह से आगामी दिनों में हाइक्लाउड बने रहेंगे और पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इससे दिन की रोशनी मध्यम रहेगी और गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं रात में अगर बादल रहेंगे तो तापमान बढ़ सकते हैं। ऐसे में अब रोजाना तापमान बढ़ेंगे और फसलों को नुकसान हो सकता है। यह बातें रविवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने कही।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। एक अलग चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान पर बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र छत्तीसगढ़ और आसपास के निचले स्तरों पर बना हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है। उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पश्चिमी हिमालय, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में दिन और रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहेगा।
बताया कि अधिकतम तापमान 30.0 और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 91 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 45 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तरी पूर्वी रही जिनकी औसत गति 1.1 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी सप्ताह हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं किंतु बारिश की कोई संभावना नहीं है। तेज हवाओं के कारण सुबह एवं शाम के समय ठण्ड एवं हल्के कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।