रणवीर सिंह
नई दिल्ली। National Rifle Association of India (एनआरएआई) ने अपने स्थापना दिवस के अवसर पर 75वीं वर्षगांठ को लेकर सालभर चलने वाले भव्य कार्यक्रमों की घोषणा की है। समारोह की शुरुआत नई दिल्ली स्थित Dr Karni Singh Shooting Range के फाइनल्स हॉल में केक काटकर की गई।
इस अवसर पर एनआरएआई के महासचिव Pawankumar Singh, सचिव Rajiv Bhatia, खेल रत्न पुरस्कार विजेता Jitu Rai, अर्जुन पुरस्कार विजेता और टीम इंडिया के मुख्य शॉटगन कोच Mansher Singh तथा दो बार की ओलंपिक पदक विजेता Manu Bhaker सहित राष्ट्रीय शूटिंग टीम के खिलाड़ी, कोच और सहयोगी स्टाफ मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पवनकुमार सिंह ने कहा कि एनआरएआई की स्थापना 1951 में हुई थी और इसके पहले अध्यक्ष स्वतंत्रता सेनानी एवं लोकसभा के प्रथम अध्यक्ष G V Mavalankar थे। उन्होंने बताया कि Lal Bahadur Shastri, Govind Ballabh Pant और Yashwantrao Chavan जैसे दिग्गज नेता इस संस्था के शुरुआती स्तंभ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज शूटिंग खेल देश के लिए पदक दिलाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और एनआरएआई उनकी विरासत को आगे बढ़ा रहा है।
आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 7.5 लाख स्कूली छात्रों को शूटिंग खेल से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए एनआरएआई स्कूलों तक पहुंचेगा या छात्रों को नजदीकी शूटिंग रेंज पर बुलाकर उन्हें शूटिंग का अनुभव कराया जाएगा। इस अभियान में सरकार, खेल मंत्रालय, शूटिंग अकादमियों और स्थानीय क्लबों का सहयोग लिया जाएगा।
इसके अलावा राष्ट्रीय चैंपियनशिप के दौरान अर्जुन, खेल रत्न, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेताओं और ओलंपिक पदक विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा, वहीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में राज्य पुरस्कार विजेताओं का सम्मान किया जाएगा। अगले वर्ष दिल्ली में आयोजित होने वाले ISSF वर्ल्ड कप ओलंपिक कोटा इवेंट के दौरान पूर्व और वर्तमान ओलंपिक पदक विजेताओं के बीच एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित करने की योजना है।
गौरतलब है कि शूटिंग भारत के सबसे सफल ओलंपिक खेलों में से एक है, जिसमें देश ने अब तक एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक जीते हैं। Abhinav Bindra ने 2008 बीजिंग ओलंपिक में पुरुष 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत को पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक दिलाया था।
हाल ही में हुए Paris 2024 Olympics में भारत के कुल छह पदकों में से तीन शूटिंग से आए, जिसमें मनु भाकर ने दो कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।

