भुवनेश्वर| उड़िया फिल्म की मशहूर ऐक्ट्रेस अपराजिता मोहंती ने भाजपा का दमन थाम लिया है। अपराजिता मोहंती राज्य पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान व पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुईं।अपराजिता मोहंती ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रेरित होकर व उनके द्वारा किए गए विकास कार्यक्रमों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुई हैं। उन्होंने यह उम्मीद भी जताई की देश मोदी के नेतृत्व में प्रगति करता रहेगा।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने कहा कि अपराजिता मोहंती के शामिल होने से पार्टी मजबूत होगी। अभिनेत्री ने 13 फरवरी को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया। मोहंती 2014 के आम चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हुईं थीं। कांग्रेस ने अभिनेत्री को कटक संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा था, लेकिन वह बीजू जनता दल (बीजद) के भतृहरि मेहताब से हार गई थीं। पार्टी सूत्रों ने कहा कि मोहंती भाजपा के उपचुनाव प्रचार में शामिल होंगी, जो बिजेपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में जारी है। उड़िया अभिनेता मिहिर दास, अनु चौधरी व महाश्वेता रे भी भाजपा में शामिल हुए हैं और वे बिजेपुर उपचुनाव में पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं।