पार्टी के पर्यवेक्षक टटोलगें विधायकों का मन, तय होगा नए मुख्यमंत्री का नाम

 

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मिली जीत को पांच दिन हो गए हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की ओर से अब तक नए मुख्यमंत्री के नामों की घोषणा नहीं हुई है। अब भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने तीनों राज्यों के लिए पर्यवेक्षक की नियुक्ति कर दी है। ये लोग संबंधित राज्यों के विधायकों से बात करेंगे उसके बाद ही नए मुख्यमंत्री के नामों की घोषणा होगी।

मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बीजेपी में विचार-मंथन का दौर जारी है। पार्टी ने बैठक से पहले रायशुमारी के लिए आज (शुक्रवार) को तीन ऑब्जर्वर नियुक्त कर दिए हैं। इनमें हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर, भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण और पार्टी की राष्ट्रीय सचिव आशा लाकड़ा शामिल हैं। माना जा रहा है कि खट्‌टर और के. लक्ष्मण विधायकों से वन टू वन चर्चा कर सकते हैं।

राजस्थान में सीएम के नाम की घोषणा के कयासों के बीच दिल्ली में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सरोज पांडे और विनोद तावडे को राजस्थान के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ये पर्यवेक्षक राजस्थान को लेकर विधायकों से रायशुमारी कर सकते हैं। माना जा रहा है कि 10 दिसंबर को विधायक दल की बैठक हो सकती है।

छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान के लिए भाजपा पर्यवेक्षक इस प्रकार तय किए गए हैं। छत्तीसगढ़-केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्बानंद सोनोवाल और दुष्यंत गौतम।

Leave a Reply

Your email address will not be published.