राजद करेगी झारखण्ड में महागठबंधन का प्रयास

पटना/रांची। राजद नेता सह बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने झारखंड में राजनीतिक गतिविधियां तेज करने का संकेत दिया है। उन्होंने कहा है कि वे झारखंड में भी बिहार की तरह से विपक्षी दलों को मिलाकर एक महागठबंधन बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी ने बिहार में 15 जनवरी के बाद हर जिले और प्रखंडों तथा गांव-गांव जाकर सभा करने का निर्णय लिया है, जिसके माध्यम से राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के संदेश को बताया जाएगा और भाजपा नेतृत्व वाली सरकार की जनविरोधी नीतियों से अवगत कराया जाएगा।
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव रविवार को पटना से रांची पहुंचे, सोमवार को वे बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल जाकर या फिर अदालत परिसर में लालू प्रसाद से मुलाकात कर सकते हैं। बिहार विधानसभा में नेता तेजस्वी यादव सेवा विमान से पटना से रांची पहुंचे। राजधानी के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर राजद नेताओं-कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस बार मकर-संक्रांति का त्योहार सादगीपूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है, क्योंकि राजद प्रमुख पार्टी कार्यकर्ताओं-नेताओं के साथ नहीं है। उन्होंने बताया कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद से मुलाकात के लिए सोमवार को जेल प्रशासन से अनुमति मांगी जाएगी और अनुमति मिल जाती है, तो ठीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.