कृति-रश्मिका की ‘इंस्टा वॉर’ ने बढ़ाया कॉकटेल 2 का तापमान

मुंबई : बॉलीवुड में फिल्मों के प्रमोशन अब सिर्फ पोस्टर और ट्रेलर तक सीमित नहीं रहे, बल्कि सोशल मीडिया की मज़ेदार नोकझोंक भी इसका बड़ा हिस्सा बन चुकी है। आने वाली फिल्म कॉकटेल 2 इस समय अपने गानों से ज्यादा कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की इंस्टाग्राम “कोल्ड वॉर” को लेकर चर्चा में है। हाल ही में फिल्म का नया गाना मशूका रिलीज़ हुआ, जिसमें कृति सेनन और शाहिद कपूर की सिज़लिंग केमिस्ट्री ने फैंस को दीवाना बना दिया।
दिलचस्प बात यह रही कि फिल्म के दो अनरिलीज़्ड गानों-मशूका और तुझको — के बीच एक खास लिसनिंग इवेंट में वोटिंग करवाई गई। बेहद कम अंतर से मशूका जीत गया और पहले रिलीज़ कर दिया गया। बस यहीं से शुरू हुई सोशल मीडिया पर मज़ेदार तकरार। रश्मिका ने इंस्टाग्राम स्टोरी में वोटिंग को “रिग्ड” बता दिया, तो कृति ने भी तंज कसते हुए जवाब दिया, “माशूका को पके आम पसंद हैं, खट्टे अंगूर नहीं।”
लेकिन असली ट्विस्ट तब आया जब रश्मिका ने अचानक अपने गाने तुझको का वीडियो “गलती से” इंस्टाग्राम पर लीक कर दिया। अब यह सच में गलती थी या स्मार्ट प्रमोशनल प्लान, यह तो वही जानें, लेकिन इतना तय है कि कॉकटेल 2 ने रिलीज़ से पहले ही फैंस का जबरदस्त मनोरंजन शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.