एयर इंडिया पर सॉफ्टवेयर ठप होने का असर जारी, सोमवार को 29 उड़ानों में देरी

नई दिल्ली। शनिवार को एयर इंडिया का सॉफ्टवेयर ठप होने का असर उसके परिचालन पर अब भी जारी है जिसके कारण सोमवार को 29 उड़ानों में एक घंटे से अधिक की देरी हुई। हालांकि, चेक-इन सॉफ्टवेयर प्रणाली में शनिवार को आयी तकनीकी खामी दुरुस्त कर ली गई थी लेकिन एयरलाइन सोमवार को तीसरे दिन भी इसके असर से जूझती रही।

एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को 352 उड़ानों ने उड़ान भरी और शनिवार को आयी तकनीकी खामी के कारण उनमें से 29 उड़ानों में देरी हुई। प्रवक्ता ने बताया कि 29 उड़ानों में 60 मिनट से अधिक की देरी हुई। तकनीकी खामी के कारण शनिवार और रविवार को क्रमश: 149 और 137 उड़ानों में देरी हुई। गौरतलब है कि चेक-इन, सामान और आरक्षण सेवाओं की निगरानी करने वाली एयर इंडिया की यात्री सेवा प्रणाली (पीएसएस) शनिवार को पांच घंटे से अधिक समय तक ठप रही थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.