नई दिल्ली। महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक और मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों से एक दिन में कोरोना (COVID19) वायरस संक्रमण के सबसे अधिक नए मामले सामने आए हैं। देश में सामने आए 56,211 में 78.56 प्रतिशत मामले इन्हीं राज्यों से सामने आए हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सुबह आठ बजे तक अद्यतन किये गए मंत्रालय (MoHFW) के आंकड़ों के अनुसार भारत में कोविड-19 (COVID19) के मामलों की संख्या बढ़कर 1,20,95,855 हो गई है। इसके अलावा 271 और रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की तादाद 1,62,114 हो गई है। महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और गुजरात में रोजाना संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। 24 घंटे के दौरान देश में 78.56 मामले इन्हीं राज्यों से सामने आए हैं।
मंत्रालय (MoHFW) ने कहा कि महाराष्ट्र में सबसे अधिक 31,643 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद पंजाब में 2,868 और कर्नाटक में 2,792 मामले सामने आए। महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, हरियाणा और राजस्थान में दैनिक मामलों में फिर से वृद्धि देखने को मिल रही है। भारत में उपचाराधीन रोगियों की संख्या फिलहाल 5,40,720 हो गई है। इनमें 24 घंटे के दौरान 18,912 का इजाफा हुआ है। मंत्रालय ने कहा, ‘देश में उपचाराधीन रोगियों की जितनी संख्या है, उनमें से 79.64 प्रतिशत महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ में हैं। सबसे अधिक उपचाराधीन रोगी महाराष्ट्र में हैं।’
देश में अब तक 10,07,091 सत्रों में कोविड-19 (COVID19) रोधी टीकों की 6,11,13,354 खुराकें दी जा चुकी हैं। सुबह सात बजे तक जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। भारत में 24 घंटे के दौरान 37,028 लोग संक्रमण से उबरे हैं, जिसके साथ ही ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,13,93,021 हो गई है।
दूसरी ओर मंगलवार को कोरोना पर अपडेट देते हुए नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण (Rajesh Bhushan) ने कहा कि महाराष्ट्र में 3,37,928 सक्रिय मामले हैं। फरवरी के दूसरे सप्ताह में औसतन एक दिन में 3,000 नए मामले आते थे। आज एक दिन में 34,000 मामले आ रहे हैं। महाराष्ट्र में फरवरी के दूसरे सप्ताह में एक दिन में 32 मृत्यु होती थी, यह बढ़कर 118 हो गई है।
देश में #COVID19 के सक्रिय मामले आज 5,40,720 हो गए हैं और यह कुल पॉजिटिव मामलों का 4.47 प्रतिशत है
पिछले 24 घंटों में कोरोना के 56,211 नये मामले दर्ज किए गए : स्वास्थ्य सचिव @MoHFW_INDIA #Unite2FightCorona pic.twitter.com/M6EEZ9tJ1p
— पीआईबी हिंदी (@PIBHindi) March 30, 2021
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण (Rajesh Bhushan) ने कहा कि पंजाब की पॉजिटिविटी रेट लगभग 9% है। इसका अर्थ यह है कि आप प्रर्याप्त संख्या में टेस्ट नहीं कर रहे हैं। जो लोग कोरोना (COVID19) पॉजिटिव है आप उन्हें न तो चिन्हित कर पा रहे हैं और ना ही आप उन्हें आइसोलेट कर पा रहे हैं। देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 5,40,720 हुई है। यह 4% से ज्यादा है। मृत्यु की संख्या 1,62,000 है। रिकवरी रेट 94% है। 10 ज़िले जहां सक्रिय मामलों की संख्या सबसे ज्यादा है, उनमें से 8 ज़िले महाराष्ट्र के है।

