नई दिल्ली। विक्रम संवत 2079 की शुरुआत चैत्र प्रतिपदा यानी 2 अप्रैल, 2022 को हुई। चैत्र प्रतिपदा से वसंती नवरात्र की शुरुआत भी हुई। युवा फाउंडेशन के राष्ट्ीय अध्यक्ष नंद किशोर चौधरी ने सर्वकल्याण की कामना से अखंड रामायण पाठ का आयोजन कराया। उनके आवास सह कार्यालय पर सैकड़ों की संख्या में लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। चौबीस घंटे तक रामचरितमानस का पाठ चलता रहा। उसके बाद आरती और हवन किया गया। प्रसाद रूप में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।
युवा फाउंडेशन के राष्ट्ीय अध्यक्ष नंद किशोर चौधरी ने बताया कि हम हर वर्ष यह आयोजन करते आ रहे हैं। अपने परिवार और सर्वसमाज के कल्याण की कामना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि संघ की शाखाओं में हमें सामाजिक समरसता और सबको साथ लेकर चलने की शिक्षा दी गई है। समाज तभी उन्नति करेगा, जब आपके बंधु-बांधव, पड़ोसी भी उन्नति करें। इस आयोजन से हम अपने आराध्य प्रभु श्रीराम से यही कामना करते हैं कि पूरे समाज और देश को प्रगति के पथ पर चलने का सामर्थ्य प्रदान करें। हमें बेहद प्रसन्नता होती है, जब इस प्रकार के आयोजन में सर्वसमाज की उपस्थिति होती है।
गौर करने योग्य यह भी है कि युवा फाउंडेशन के साथियों ने बुराड़ी विधानसभा में कई प्रकार के सामाजिक आंदोलन किए हैं। पौधोरोपण, स्वच्छता अभियान, कोरोना जागरूकता अभियान, पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर लगातार काम किया जा रहा है। राजेश चौधरी, युगल किशोर, अनिकेत कुमार, राजू चौधरी, आदित्य कुमार जैसे युवा हमेशा ही सामाजिक आयोजन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हैं।

