बक्सर। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के विरुद्ध यौन उत्पीड़न के आरोपों पर सरकार की असंवेदनशीलता पर आम आदमी पार्टी, बक्सर के जिला चुनाव प्रचार समिति के पूर्व अध्यक्ष रंजीत कुमार ने सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने वाले हमारे बहादुर पहलवान बेटियों के साथ अपने ही देश में न्याय नहीं मिल पा रहा है। पदक जीत जिन्होंने विदेशों में तिरंगा फहराया और देश को गौरव की अनुभूति का एहसास कराया, वह आज मान और सम्मान बचाने की लड़ाई लड़ रही है। यह खिलाड़ी हमारा मान है यह कड़ी मेहनत करके संघर्ष करके देश के लिए मेडल जीतती है। इनका शोषण, इनका अपमान देश की हर एक महिला का अपमान है। इन को न्याय मिलना चाहिए। ओलंपियन के गले में लटका मेडल किसी जाति का नहीं होता, स्टेडियम में लहराया जाने वाला झंडा किसी प्रदेश का नहीं होता, पोडियम पर बजने वाला गीत किसी धर्म का नहीं होता। खिलाड़ी सबके हैं, सबको उनके लिए आवाज उठाना चाहिए। यही वह खिलाड़ी है जिन्होंने पूरी दुनिया में हिंदुस्तान का परचम लहराया है, हमारे देश के सम्मान को बढ़ाया है। आज उनके सम्मान की बात आई है पूरे भारतवर्ष को इनके साथ खड़ा होना चाहिए। ताकि इनको न्याय मिल सके।
श्री रंजीत ने कहा कि प्रधानमंत्री जी सिर्फ अपने मन की बात करते हैं, देश की बेटियों के मन की बात कब सुनेंगे। जब बेटियां मेडल लेकर आती हैं तब उनको चाय पर बुलाते हैं, कहते हैं यह तो अपने घर की है, फोटो खिंचवाते हैं। और आज जब बेटियां धरने पर बैठी हैं तो उनको पहचानते नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि आज पहलवान बेटियों के धरने का 20वां दिन है। देश की चैंपियन बेटियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ हिंदुस्तान बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने मांग की कि भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और देश की बेटियों को न्याय दिलाया जाए।

