नई दिल्ली। सोनी सब का पुष्पा इम्पॉसिबल करुणा पांडे द्वारा अभिनीत एक सहज और दृढ़निश्चयी सिंगल मां, पुष्पा की अविश्वसनीय कहानी से दर्शकों को प्रेरित करता है। पुष्पा अपने और अपने बच्चों के लिए सम्मानजनक जीवन पाने हेतु निरंतर मेहनत करती रहती है, जो धैर्य और दृढ़ संकल्प की सक्षम प्रतीक रही है। कई चुनौतियों का सामना करने के बावजूद, जिसमें उसके पूर्व पति दिलीप (प्रतिभाशाली जयेश मोरे द्वारा अभिनीत) के साथ अपने रिश्ते को संभालना भी शामिल है, पुष्पा का जीवन के प्रति आशावादी और साधन संपन्न दृष्टिकोण उसे हर दिन बेहतर बनाता है।
शो की कहानी एक दिलचस्प मोड़ लेने के लिए तैयार है, क्योंकि कहानी पाटन में आगे बढ़ती है। पाटन पुष्पा के जीवन में बेहद प्रासंगिक जगह है। प्रसिद्ध अभिनेता हेमंत खेर एक चालाक व्यवसायी विरेन सीतलवाड की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं, जो पाटन में पटोला बुनकरों पर राज करता है। विरेन कपट, चालाकी और आकर्षण का एकदम सही मिश्रण है, जो समझदारी और धैर्य का दिखावा करता है। विरेन का प्रतिशोधी स्वभाव पुष्पा के जीवन में नई चुनौतियां लाएगा।
विरेन का किरदार निभाने वाले, हेमंत खेर ने कहा, “पुष्पा इम्पॉसिबल जैसे शो के साथ टेलीविज़न में कदम रखने का मौका मिलना सौभाग्य की बात है। विरेन से वास्तव में मुझे एक जटिल और ग्रे किरदार को गहराई से समझने का मौका मिलता है। यह भूमिका निभाना अपने आप में चुनौतीपूर्ण है, लेकिन मैं विरेन को उसकी पूरी कुशाग्रता, आकर्षण और चालाकी के साथ जीवंत करने के लिए उत्सुक हूं। यह देखना दिलचस्प होगा कि कैसे विरेन की एंट्री पुष्पा के लिए नई मुसीबतें लेकर आएगी और वह अपने सफर में इन समस्याओं से कैसे निपटेगी।”

