नई दिल्ली। भारी बारिश को देखते हुए दिल्ली में 11 जुलाई को सभी एमसीडी स्कूल, एमसीडी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूल छात्रों के लिए बंद रहेंगे।
दिल्ली सरकार की ओर से जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि दिल्ली में शिक्षा निदेशालय के तहत सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में नर्सरी से पांचवीं कक्षा के छात्रों के लिए छुट्टी घोषित कर दी गई है।
यमुना, गंगा समेत प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब समेत कई राज्यों ने स्कूलों को 11 जुलाई को भी बंद रखने के आदेश दिए हैं। कई राज्यों में 13 जुलाई तक स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में कॉरपोरेट दफ्तरों ने कर्मचारियों को घर से काम (WFH) करने को कहा है। इसके लिए कुछ दफ्तरों ने इंटरनल मेल के जरिए कर्मचारियों को सूचित किया है।
पंजाब और हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में सोमवार को लगातार तीसरे दिन बारिश जारी रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में सोमवार को सुबह से ही बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से लेकर कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भविष्यवाणी की है। इन राज्यों ने 10 जुलाई को स्कूलों की छुट्टी घोषित की थी, अब 11 जुलाई को भी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

