अवैध निर्माणों पर टाटा पावर-डीडीएल की कार्रवाई तेज, 4,071 सुरक्षा नोटिस जारी

 

नई दिल्ली। बिजली के खंभों, केबलों और अन्य विद्युत उपकरणों के आसपास किए गए अवैध निर्माण लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं। साथ ही इससे बिजली वितरण नेटवर्क की सुरक्षा और स्थिरता भी प्रभावित होती है। इन खतरों को देखते हुए टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टाटा पावर-डीडीएल) ने उत्तरी दिल्ली में विद्युत ढांचे के आसपास किए गए अनधिकृत निर्माणों की पहचान और उन्हें हटाने के लिए अभियान तेज कर दिया है।

कंपनी के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 से 1 नवंबर 2026 तक उसकी विशेष अनधिकृत निर्माण नियंत्रण टीम ने राज्य प्रशासन के समन्वय से कुल 4,071 सुरक्षा नोटिस जारी किए हैं। ये नोटिस उन संपत्ति मालिकों को दिए गए, जिनके निर्माण बिजली के बुनियादी ढांचे के आसपास सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर रहे थे।

कंपनी ने बताया कि 2,374 मामलों में उपभोक्ताओं अथवा उल्लंघनकर्ताओं को अनधिकृत निर्माण हटाने के अंतरिम आदेश जारी किए गए। वहीं, अंतरिम आदेशों के बावजूद सुरक्षा संबंधी खतरे बने रहने पर 733 मामलों में सक्षम प्राधिकारी के माध्यम से संबंधित भूमि स्वामित्व एजेंसियों को निर्माण हटाने के अंतिम आदेश दिए गए।

बाथरूम और बालकनी तक पहुंचा अवैध निर्माण

टाटा पावर-डीडीएल ने कार्रवाई के उदाहरण साझा करते हुए बताया कि उसके परिचालन क्षेत्र की एक आवासीय कॉलोनी में बिजली का खंभा एक उपभोक्ता के परिसर के भीतर, यहां तक कि बाथरूम के हिस्से में आ गया था। इससे विद्युत ढांचे और घर के बीच बेहद कम दूरी रह गई थी, जो किसी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अनधिकृत निर्माण को हटाया गया और खंभे के आसपास आवश्यक सुरक्षा दूरी बहाल की गई।

इसी तरह एक अन्य आवासीय इलाके में बिजली का खंभा एक मकान की बालकनी के बीच से गुजर रहा था। इससे वहां रहने वाले लोगों की जान और संपत्ति को खतरा था। कंपनी ने संबंधित भूमि स्वामित्व एजेंसियों और सक्षम प्राधिकारी के साथ समन्वय कर अवरोधक निर्माण हटाने की कार्रवाई की। इसके बाद खंभे के आसपास निर्धारित सुरक्षा दूरी बहाल की गई।

कंपनी के अनुसार, उत्तरी दिल्ली के उसके लाइसेंस प्राप्त परिचालन क्षेत्र में इस तरह के कई मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं से स्पष्ट है कि विद्युत ढांचे के आसपास अनधिकृत निर्माण न केवल संबंधित परिवारों, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी जोखिम पैदा करते हैं।

जागरूकता और स्वैच्छिक अनुपालन को प्राथमिकता

टाटा पावर-डीडीएल के प्रवक्ता ने कहा कि विद्युत ढांचा लाखों घरों की बिजली आपूर्ति का आधार है। इसके आसपास अनधिकृत निर्माण करने से संबंधित परिवारों, पड़ोसियों और पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता पर खतरा उत्पन्न होता है। कंपनी की पहली प्राथमिकता लोगों को जागरूक करना और स्वैच्छिक अनुपालन सुनिश्चित करना है। कार्रवाई अंतिम विकल्प के रूप में की जाती है।

उन्होंने नागरिक निकायों और प्रशासनिक एजेंसियों से लंबित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के लिए सहयोग जारी रखने की अपील की।

कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि बिजली के खंभों, ओवरहेड तारों और वितरण उपकरणों के आसपास दीवार, कमरे, बालकनी या अन्य किसी प्रकार का निर्माण न करें। निर्माण, नवीनीकरण अथवा विस्तार कार्य कराने से पहले विद्युत सुरक्षा मानकों का ध्यान रखें।

विद्युत ढांचे के आसपास किसी भी असुरक्षित अतिक्रमण की जानकारी टाटा पावर-डीडीएल के उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 19124 अथवा कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर दी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.