दिल्लीवासियों के लिए राहत की खबर, घट रहा है बाढ़ का पानी


 

नई दिल्ली। बीते कुछ दिनों से दिल्ली पर बाढ़ का साया मंडरा रहा था। यमुना नदी किनारे कुछ इलाकों में पानी घुसा तो हाय-तौबा मचने लगी। सरकारी अव्यवस्थाओं की पोल खुली। नेताओं ने एक दूसरे पर आरोप लगाने शुरू किया। हालांकि, प्रभावित लोगों तक सरकार और संस्थाओं की ओर से सहायता पहुंचने लगी। नेताओं का दौरा यमुना किनारे बढ़ गया।

शनिवार की दोपहर दिल्ली सरकार के दिल्ली के प्रधान सचिव-राजस्व एवं मंडलायुक्त अश्वनी कुमार ने कहा कि अब पानी घट रहा है। पानी आज और कल घटता रहेगा क्योंकि अभी बारिश की ऐसी कोई आशंका नहीं है इसलिए पानी के घटने की प्रवृत्ति जारी रहेगी। आज सुबह 11 बजे यमुना का जल स्तर 207.43 मीटर था और आज रात 11 बजे यह घटकर 206.72 मीटर हो जाएगा।

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने राजघाट के पास बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। यमुना में जलस्तर बढ़ने के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। बाढ़ के कारण लाल किला और कश्मीरी गेट का इलाका भी प्रभावित है।

दिल्ली सरकार की लोक निर्माण विभाग की मंत्री आतिशी का कहना है कि अगले 12 घंटो में दिल्ली वालों को राहत मिलेगी…ये बहुत बड़ा सवाल है कि सारा पानी सिर्फ दिल्ली के लिए क्यों छोड़ा जा रहा था। हथिनीकुंड बराज से जो पानी यूपी और हरियाणा जाता है उसके लिए एक बूंद पानी नहीं छोड़ा गया…हरियाणा को इसका जबाव देना पड़ेगा।

इस बयान के बाद हरियाणा सरकार के कृषि मंत्री जय प्रकाश दलाल ने कहा कि मारे पास कोई बांध नहीं है तो जो पानी आता है वो दिल्ली, आगरा, इलाहाबाद से होते हुए आखिर में समुद्र में जाता है। इसे कौन मोड़ सकता है। अब ये(AAP) लोग बोल रहे हैं कि पानी को उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब की तरफ नहीं भेजा। आम आदमी पार्टी अपने कर्तव्यों से बचने की कोशिश करती है…दिल्ली को डूबाने में जितना योगदान अवैध कब्जों का है, उतना किसी और का नहीं है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.