
नई दिल्ली। ज़ी टीवी के शो ‘रब से है दुआ‘ ने अपनी एक अलग कहानी के साथ दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बना ली है, जहां एक औरत अपने शौहर की दूसरी शादी करने की मांग पर सवाल उठाती है। हालांकि अब 21 फरवरी से इस शो में 22 साल का एक पीढ़ी का लीप आएगा, जहां अदिति शर्मा की जगह एक्टर रेमन कक्कड़ बुजुर्ग हो चुकी दुआ के रोल में नजर आएंगी। वो अब परिवार की सशक्त मुखिया के रूप में नजर आएंगी, जिन्होंने फैमिली बिज़नेस की कमान संभाल ली है। यह शो अब दुआ की बेटियों – इबादत (हैदर और गजल की बेटी) और मन्नत (हैदर और दुआ की बेटी) का सफर दिखाएगा, जो आपस में सौतेली बहनें हैं। दोनों बहनें उस कानून के गलत इस्तेमाल के खिलाफ हैं, जो मर्दों को एक से ज्यादा शादी करने की इजाजत देता है। दोनों मानती हैं कि कुछ मर्द अपनी बेवफाई को जायज़ ठहराने के लिए इस कानून का गलत फायदा उठाते हैं। लेकिन किस्मत का खेल देखिए कि दोनों की जिंदगी भी उसी मोड़ पर आ जाती है, जहां दोनों को ही सुभान नाम के एक ही आदमी से प्यार हो जाता है।
इस शो में सुभान का रोल निभाएंगे टेलीविजन के दिल की धड़कन धीरज धूपर, जो कुंडली भाग्य में करण लुथरा के रोल में अपनी सफलतम पारी पूरी करने के बाद एक बार फिर ज़ी टीवी पर वापसी कर रहे हैं। सुभान वर्षों तक विदेश में रहा है और एक युवा व्यवसायी है जो अपने फैमिली बिज़नेस – ‘दुआ हैदर डिज़ाइंस‘ की ओवरसीज़ ब्रांच संभालता है। उसका अपनी चाची दुआ के साथ, अपने मां-बाप से ज्यादा गहरा रिश्ता है। दिलचस्प बात यह है कि उसने अपनी एक पहचान सभी से छिपाए रखी है कि वो एक यूट्यूब सिंगिंग सेंसेशन है। वो प्यार और खुशियां फैलाने के लिए संगीत की ताकत में यकीन रखता है, लेकिन कभी इसे अपने फायदे के लिए इस्तेमाल नहीं करता। इसीलिए वो एक मास्क से अपना चेहरा ढंककर रखता है। एक इंसान के रूप में सुभान बहुत शालीन स्वभाव का है और वो बड़ी नज़ाकत और विनम्रता के साथ रिश्तों का ख्याल रखता है। इस शो में आए लीप को प्रमोट करने शो के लीड एक्टर धीरज धूपर ने आज अपने शहर दिल्ली पहुंचकर मीडिया, अपने फैंस और दर्शकों से मुलाकात की, साथ ही शहर के प्रमुख स्थानों पर भी गए और अपने सभी फैंस को खुश कर दिया।
धीरज धूपर कहते हैं, ‘‘मैं ज़ी टीवी पर वापसी करके और ‘रब से है दुआ‘ जैसे दिलचस्प शो का हिस्सा बनकर बेहद रोमांचित हूं। सुभान का रोल निभाना एक दिलचस्प चुनौती होगी और मैं इस किरदार की बारीकियां उजागर करने के लिए तैयार हूं, जिसके कई पहलू हैं। इस शो की अनोखी कहानी ने मेरी दिलचस्पी बढ़ाई और अब मैं इसकी सफलता में अपना योगदान देने के लिए उत्सुक हूं। जहां मैं इस रोमांचक सफर की शुरुआत को लेकर बेहद रोमांचित हूं, वहीं मैं अपने शहर दिल्ली में इसे प्रमोट करने को लेकर भी बेहद खुश हूं। दिल्ली एक ऐसा शहर है जो मेरे दिल में एक खास जगह रखता है। दिल्ली की गर्मजोशी और जिं़दादिली ने हमेशा मुझे हौसला दिया है। जब मैं दिल्ली में होता हूं तो मुझे हौज़ खास या ग्रेटर कैलाश जैसी जगहों पर जाना और खान मार्केट के स्थानीय व्यंजनों, खास तौर पर मूलचंद के फेमस पराठों का स्वाद लेना बहुत अच्छा लगता है।‘‘
