रणवीर सिंह
बर्लिन। भारतीय महिला हॉकी टीम 28 और 29 जून को बर्लिन में एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2024-25 (महिला) के तहत एशियाई प्रतिद्वंद्वी चीन के खिलाफ ‘करो या मरो’ दोहरे मुकाबले में उतरेगी। टीम का लक्ष्य लगातार हार के सिलसिले को तोड़ते हुए टूर्नामेंट में वापसी करना है।
सलिमा टेटे के नेतृत्व वाली भारतीय टीम को पुरुष हॉकी टीम से प्रेरणा मिल रही है, जिन्होंने पिछले सप्ताह प्रो लीग में बेल्जियम के खिलाफ जोश से भरी जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का समापन किया और अंक तालिका में आठवें स्थान पर रहे, सिर्फ आयरलैंड से ऊपर।
वहीं, चीन प्रो लीग की अंक तालिका में चौथे स्थान पर है, जबकि भारत नवम (अंतिम) स्थान पर है। इंग्लैंड भारत से सिर्फ एक अंक आगे आठवें स्थान पर है और दोनों टीमों के दो-दो मुकाबले शेष हैं।
कप्तान सलिमा टेटे ने कहा, “यह हमारे लिए सप्ताहांत का बहुत महत्वपूर्ण डबल हेडर है। लेकिन हम भारतीय पुरुष टीम से प्रेरणा ले रहे हैं, जिन्होंने बेल्जियम के खिलाफ शानदार जीत के साथ टूर्नामेंट समाप्त किया।”
उन्होंने आगे कहा, “इस प्रो लीग अभियान से हमें काफी सीखने को मिला है और कई कमियों को टीम के रूप में सुधारने की ज़रूरत है। जब हम घर लौटेंगे तब हम अपने प्रदर्शन का विश्लेषण करेंगे, लेकिन फिलहाल हमारा पूरा ध्यान चीन के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन पर है।”
भारत को चीन के खिलाफ पिछली भिड़ंत से आत्मविश्वास मिलेगा, जब उन्होंने नवंबर 2024 में बिहार में आयोजित एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में पूल चरण में 3-0 से हराया था और फिर फाइनल में 1-0 से जीत दर्ज की थी। हालांकि, पिछले प्रो लीग सीज़न में भारत डबल हेडर में 1-2 से हार गया था।
सलिमा ने कहा, “हम चीन की टीम से भलीभांति परिचित हैं। महाद्वीपीय चैंपियनशिप्स में नियमित आमने-सामने होने के कारण हम उनके खेल की ताकत को जानते हैं। वे एक मजबूत टीम हैं लेकिन हम अपनी क्षमताओं के अनुरूप खेलेंगे।”
एफआईएच प्रो लीग 2024-25 (महिला) के सभी मैच जियो होस्टार पर लाइव स्ट्रीम किए जाएंगे और स्टार स्पोर्ट्स सिलेक्ट चैनल पर प्रसारित होंगे।

