पुरी। देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अडानी ( Goutam Adani ) ने ओडिशा की पवित्र धरती पुरी में आयोजित भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा (Rathyatra 2025) में शामिल होकर प्रभु के दिव्य दर्शन किए। उन्होंने इस पावन अवसर पर सोशल मीडिया के माध्यम से अपने भाव साझा करते हुए कहा कि, “महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की दिव्य रथयात्रा के दर्शन का सौभाग्य पाकर धन्य हुआ।”
अडानी ने आगे लिखा, “भक्तों के बीच साक्षात भगवान को देखना, विनम्रता, सरलता और करुणा की पराकाष्ठा का अनुभव है। यह रथ यात्रा आस्था, सेवा और एकता का विराट स्वरूप है, जो मन, बुद्धि और आत्मा तीनों को आनंदित कर देती है।”
उन्होंने बताया कि पुरी की इस पवित्र भूमि पर लाखों भक्तों के साथ इस अद्भुत अनुभव का साक्षी बनना उनके जीवन की अनमोल स्मृतियों में सदैव शामिल रहेगा।
गौतम अडानी ने ओडिशा सरकार, पुरी प्रशासन और हजारों समर्पित सेवा-कर्मियों का भी हृदय से आभार व्यक्त किया, जिनकी मेहनत और अनुशासन से यह दिव्य आयोजन श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हो रहा है।
अंत में उन्होंने कामना की, “महाप्रभु की कृपा पावन राज्य ओडिशा समेत, भारत और भारतवासियों पर सदा बनी रहे। जय जगन्नाथ!”

