मैराथन धावक फौजा सिंह के निधन पर कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने दी श्रद्धांजलि, कहा – “नई पीढ़ी को उनसे सीखना चाहिए”

चंडीगढ़। प्रसिद्ध मैराथन धावक फौजा सिंह के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है। कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा, “फौजा सिंह ना केवल एक महान एथलीट थे, बल्कि एक बेहद सकारात्मक और प्रेरणादायक इंसान भी थे।”

परगट सिंह ने कहा कि फौजा सिंह ने अपनी फिटनेस, अनुशासित जीवनशैली और संतुलित डाइट के जरिए यह संदेश दिया कि इंसान सक्रिय रहते हुए लंबी और स्वस्थ जिंदगी जी सकता है। उन्होंने कहा, “हमारी नई पीढ़ी को फौजा सिंह से यह सीखना चाहिए कि कैसे हम तनावपूर्ण जीवन और जंक फूड की आदतों से निकलकर अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं।”

फौजा सिंह को दुनिया भर में “टर्बन टॉरनेडो” के नाम से जाना जाता था। वे 100 साल की उम्र के बाद भी कई मैराथन में दौड़ चुके थे और फिटनेस को लेकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए थे।

देश ने आज न केवल एक धावक, बल्कि फिटनेस और सकारात्मक सोच का प्रतीक खो दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.