पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्रकारों के हित में एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत मिलने वाली मासिक पेंशन राशि को ₹6,000 से बढ़ाकर ₹15,000 करने की घोषणा की है। सरकार ने इस संबंध में संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
इस फैसले के तहत अब प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारों को सेवानिवृत्ति के बाद अधिक सम्मानजनक पेंशन मिलेगी, जिससे वे आर्थिक रूप से अधिक सुरक्षित रह सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज को दिशा देने और शासन की पारदर्शिता बनाए रखने में प्रमुख भूमिका निभाते हैं।
इसके साथ ही, राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब पत्रकार की मृत्यु की स्थिति में उनके आश्रित पति या पत्नी को जीवन भर ₹3,000 के स्थान पर ₹10,000 प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जाएगी। यह निर्णय उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हम हमेशा पत्रकारों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध हैं। हमारा उद्देश्य है कि वे निष्पक्ष और निर्भीक होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, और सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।”
इस घोषणा के बाद राज्यभर के पत्रकारों में खुशी की लहर दौड़ गई है और इसे लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

