नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सक्रिय सामाजिक संगठन हिमाचल मित्र मंडल दिल्ली (रजि.) एवं हिमाचल मंडी जनकल्याण सभा (रजि.) दिल्ली ने हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले में हाल ही में बादल फटने की घटना से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाई है। दोनों संस्थाओं ने मिलकर जान-माल की भारी क्षति झेलने वाले पीड़ितों को आर्थिक सहायता प्रदान की है। संस्थाओं द्वारा मृतकों के परिवारों की बेटियों को आर्थिक रूप से गोद लेने की पेशकश भी की गई है, जिससे उनकी शिक्षा और भविष्य सुरक्षित हो सके। संस्था के चीफ पैट्रन श्री किशोरी लाल शर्मा ने जानकारी दी कि एस.डी.एम. गोहर के माध्यम से 8 ज़रूरतमंद परिवारों को 10,000/- रुपये प्रति परिवार की दर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिन्हें एस.डी.एम. कार्यालय में बुलाकर सहायता राशि सौंपी गई।
इसके अलावा, करसोग क्षेत्र के आपदा प्रभावित 7 परिवारों को भी 10,000/- रुपये प्रति परिवार की सहायता प्रदान की गई है। साथ ही धर्मपुर क्षेत्र के 21 प्रभावित परिवारों की पहचान की जा चुकी है, जिन्हें शीघ्र सहायता दी जाएगी। सराज क्षेत्र के बाढ़ पीड़ितों को भी एस.डी.एम. थुनाग के माध्यम से राहत पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है। श्री किशोरी लाल शर्मा ने बताया कि इन संस्थाओं ने वर्ष 2023 में भी आई प्राकृतिक आपदा के दौरान पीड़ितों की यथासंभव सहायता की थी और मुख्यमंत्री राहत कोष में भी आर्थिक योगदान दिया था।
हिमाचल मित्र मंडल और मंडी जनकल्याण सभा द्वारा न केवल आपदा राहत कार्यों में सहयोग दिया जाता है, बल्कि हिमाचली संस्कृति के प्रचार-प्रसार हेतु दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है। अब तक संस्था द्वारा मंडी ज़िले में रोटरी आई फाउंडेशन अस्पताल, मरांडा के सहयोग से 46 मुफ्त नेत्र ऑपरेशन शिविर लगाए जा चुके हैं। साथ ही राजीव गांधी कैंसर अस्पताल, दिल्ली के साथ मिलकर कैंसर जागरूकता और जांच शिविर भी आयोजित किए गए हैं।
संस्थाएं कुछ लड़कियों और लड़कों को आर्थिक रूप से गोद भी ले चुकी हैं, जिनकी शिक्षा और अन्य खर्चों की पूरी जिम्मेदारी यह संगठन निभा रहे हैं। इसके अलावा भी ये संस्थाएं निरंतर विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दे रही हैं।

