बेतिया रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प, 54 करोड़ की लागत से होगा जीर्णोद्धार

बेतिया (पश्चिम चंपारण)। बेतिया के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। बेतिया रेलवे स्टेशन का अब ऐतिहासिक और आधुनिक स्वरूप में जीर्णोद्धार किया जाएगा। इस परियोजना पर कुल 54 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शुक्रवार को बेतिया सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने डीआरएम के साथ स्टेशन परिसर में भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया।

सांसद संजय जायसवाल ने जानकारी दी कि बेतिया स्टेशन का पुनर्निर्माण बेतिया राज की विरासत और 1934 के भूकंप से पूर्व के महल की स्थापत्य शैली को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। नया स्टेशन न केवल यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं देगा, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को भी दर्शाएगा।

उन्होंने बताया कि यह परियोजना पहले 18 करोड़ रुपये की थी, लेकिन रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग से इसे बढ़ाकर 54 करोड़ रुपये कराया गया है। जायसवाल ने कहा कि बेतिया स्टेशन का नया लुक एयरपोर्ट जैसा होगा, जिसमें यात्रियों के लिए वेटिंग हॉल, डिजिटल डिस्प्ले, स्वचालित टिकट काउंटर, शुद्ध पेयजल और स्वच्छता सुविधाएं शामिल होंगी।

इस मौके को बेतिया के लिए ऐतिहासिक करार देते हुए सांसद ने कहा कि यह विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। भूमि पूजन कार्यक्रम में बिहार सरकार की पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, स्थानीय विधायक नारायण प्रसाद, उमाकांत सिंह, रेलवे अधिकारी और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.