भारतीय तीरंदाजी संघ ने की ‘आर्चरी लीग’ के पहले संस्करण की घोषणा, अक्टूबर में होगा आयोजन

रणवीर सिंह 

नई दिल्ली। भारतीय तीरंदाजी संघ (AAI) ने आज एक ऐतिहासिक पहल करते हुए देश की पहली ‘आर्चरी लीग’ के आयोजन की घोषणा की। यह लीग न केवल भारत की तीरंदाजी को विश्व मंच पर नई पहचान देने की दिशा में कदम है, बल्कि यह देश के युवा तीरंदाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव प्राप्त कराने का एक सुनहरा अवसर भी होगा।

क्या है खास?

‘आर्चरी लीग’ एक फ्रैंचाइज़ी आधारित टूर्नामेंट होगा जिसमें भारत और विश्व के शीर्ष रिकर्व और कंपाउंड तीरंदाज़ एक मंच पर उतरेंगे। इस रोमांचक प्रतियोगिता में छह फ्रैंचाइज़ी टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें भारत के टॉप आर्चर्स के साथ-साथ विश्व के टॉप 10 विदेशी तीरंदाज़ भी शामिल होंगे। AAI के अध्यक्ष श्री अर्जुन मुंडा ने कहा, “यह सपना वर्षों से हर उस युवा तीरंदाज़ का रहा है जो देश के गांव-गांव में अभ्यास करता रहा है। अब वह सपना साकार होने जा रहा है। इस लीग के माध्यम से हम इन प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच देने जा रहे हैं।”

AAI के महासचिव श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा, “भारतीय तीरंदाजों ने हमेशा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को गौरवान्वित किया है। क्रिकेट, कबड्डी और कुश्ती जैसी लीग्स ने खेलों के विकास में जो भूमिका निभाई है, उसी से प्रेरित होकर हमने यह लीग शुरू की है। यह लीग ओलंपिक की तैयारी में भी मील का पत्थर साबित होगी।”

विश्व तीरंदाजी महासंघ ने दी सराहना

वर्ल्ड आर्चरी के महासचिव श्री टॉम डिलन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “यह पहल तीरंदाज़ी को और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक बनाएगी और भारतीय व विदेशी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन का अवसर देगी।”

आयोजन स्थल और समय

इस लीग का पहला संस्करण अक्टूबर 2025 में दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 11 दिनों तक आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को वर्ल्ड आर्चरी, वर्ल्ड आर्चरी एशिया और भारत सरकार के खेल मंत्रालय का पूरा सहयोग प्राप्त है। भारतीय खेलों के इतिहास में यह लीग एक नया अध्याय जोड़ने जा रही है, जिससे तीरंदाजी को वह मंच मिलेगा जिसकी उसे वर्षों से जरूरत थी। यह सिर्फ एक लीग नहीं, बल्कि भारत के ओलंपिक सपने की ओर बढ़ता हुआ एक मजबूत कदम है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.