दिल्ली/उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में बादल फटने की घटना के बाद हालात गंभीर बने हुए हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) मोहसिन शहीदी ने बताया कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
उन्होंने कहा, “ITBP, SDRF और BRO की टीमें मौके पर तैनात हैं और लगातार राहत कार्यों में लगी हुई हैं। क्षेत्र में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। करीब 150 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।”
DIG शहीदी ने आगे बताया, “अभी तक की जानकारी के अनुसार 4 शव बरामद किए गए हैं। 100 से ज्यादा लोग घायल या लापता हो सकते हैं, लेकिन इस आंकड़े की अभी पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय प्रशासन से जानकारी मिलने की प्रतीक्षा की जा रही है।”
घटना के बाद प्रभावित इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। मौसम खराब होने और दुर्गम इलाके की वजह से राहत कार्यों में चुनौतियां सामने आ रही हैं, लेकिन बचाव टीमें लगातार प्रयासरत हैं।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

