लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने विजन डॉक्यूमेंट 2047 पर चर्चा के दौरान राज्य और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज 2047 में भारत को विकसित बनाने की बात की जा रही है, लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि देश की आज की उपलब्धियां हमारे प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के दूरदृष्टि पूर्ण विजन का नतीजा हैं। चाहे चंद्रयान मिशन हो या आईआईटी और एम्स की स्थापना, इन सबकी नींव नेहरू जी ने रखी थी।
किसानों की हालत पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों के लिए किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्हें एमएसपी नहीं दी जा रही, कृषि उपकरण सस्ते नहीं किए गए और खाद की बोरी तक उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए आराधना मिश्रा ने कहा कि यूपी सरकार का स्वास्थ्य बजट कुल बजट का महज छह प्रतिशत है और आयुष्मान योजना में धांधली की खबरें सामने आ रही हैं। बेरोजगारी को युवाओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं का खूब प्रचार करती है, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारने में नाकाम रहती है।

