सफीपुर (उन्नाव)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक रविवार को सफीपुर पहुंचे। उन्होंने साहिबे सज्जादा हज़रत मखदूम शाह सफ़ी रहमतुल्लाह अलैहि शरीफ़ के साहिबे सज्जादा हज़रत नवाज़िश मोहम्मद फ़ारूकी सफ़वी और अफ़ज़ाल मोहम्मद फ़ारूकी सफ़वी मदा ज़िल्लहु अलआली की माता नादिरा एजाज फ़ारुख़ी के इंतकाल की सूचना पर पहुँचकर परिजनों से भेंट की और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
उप मुख्यमंत्री नगर के एक प्रतिष्ठान पर भी कुछ देर रुके। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें सफीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में रेडियोलॉजिस्ट न होने की समस्या से अवगत कराया। मरीजों को अल्ट्रासाउंड सेवाओं के अभाव में होने वाली दिक्कतों पर चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद क्षेत्रीय विधायक बंबालाल दिवाकर से कहा कि जल्द ही सीएचसी में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी।
इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक बंबालाल दिवाकर, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता सौरभ बाजपेई “राजाबेटा” सहित कई अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।

