दिल्ली-एनसीआर में स्वच्छ हवा अभियान से 1.19 लाख लोग हुए जागरूक

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को कम करने और स्वच्छ वातावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए चलाए गए “ब्रेथ ऑफ चेंज – क्लीन एयर फॉर ब्लू स्काईज” अभियान ने बड़ी सफलता हासिल की है। जुलाई से सितम्बर 2025 के बीच आयोजित गतिविधियों के जरिए 1.19 लाख से अधिक लोगों तक संदेश पहुँचाया गया।

यह अभियान सुलभ – इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ हेल्थ एंड हाइजीन (IIHH) ने, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा सीएक्यूएम (Commission for Air Quality Management in NCR and Adjoining Areas) के सहयोग से चलाया। यह पहल 7 सितम्बर को मनाए गए इंटरनेशनल डे ऑफ क्लीन एयर फॉर ब्लू स्काईज का हिस्सा थी।

अभियान की अगुवाई कर रहीं डॉ. नमिता माथुर, समन्वयक, IIHH, ने बताया कि इसकी शुरुआत द्वारका के एमआरवी स्कूल से हुई, जहां 600 से अधिक प्रतिभागियों ने पौधारोपण किया, नुक्कड़ नाटक देखा और “क्लीन एयर प्लेज” लिया।

इसके बाद मुण्डका मार्केट और मेट्रो स्टेशन पर 2,000 से अधिक लोगों ने पोस्टर मार्च, संवाद कार्यक्रम और फ्लैश एक्टिविटी में हिस्सा लिया। वहीं, ओखला सब्ज़ी मंडी में 1,500 से अधिक सफाईकर्मियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को जागरूक किया गया।

द्वारका और रोहिणी में भी कार्यक्रम हुए, जिनमें 400 से अधिक घरेलू सहायकों और सफाईकर्मियों को सुरक्षित सफाई पद्धतियों और प्रदूषण के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। आनंद विहार मेट्रो और बस अड्डे पर करीब 8,000 लोगों को जोड़ा गया, जबकि जहांगीरपुरी, मयापुरी और द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो पर पौधारोपण, फोटो बूथ और #वायुमित्र प्रतिज्ञा जैसे आयोजनों में 11,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया।

जमीनी गतिविधियों के साथ-साथ एक डिजिटल अभियान भी चलाया गया, जिसके जरिए 11,000 से अधिक लोगों तक ऑनलाइन संदेश पहुंचा। इसमें “एक पेड़ माँ के नाम”, डिजिटल प्रतिज्ञा और पौधारोपण अपडेट जैसी पहलें शामिल थीं।

डॉ. नमिता माथुर ने कहा—
“इस अभियान का मकसद लोगों को प्रेरित करना है कि वे छोटे-छोटे प्रयासों से स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण की दिशा में सामूहिक बदलाव लाएँ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published.