कटरा। माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। भूस्खलन के कारण 26 अगस्त से रोकी गई यात्रा बुधवार, 17 सितंबर से दोबारा शुरू कर दी गई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने 16 सितंबर को इसकी आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल बोर्ड के आधिकारिक स्रोतों से ही अपडेट प्राप्त करें।
गौरतलब है कि भूस्खलन की इस बड़ी घटना में अब तक 34 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से ज़्यादा लोग घायल हुए थे। यात्रा को पहले 14 सितंबर से शुरू करने का प्रयास किया गया था, लेकिन खराब मौसम के चलते इसे स्थगित करना पड़ा। अब 22 दिन बाद श्रद्धालु एक बार फिर माता के दरबार में दर्शन कर सकेंगे।
श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यात्रियों को मौसम की जानकारी के अनुसार यात्रा योजना बनाने पंजीकरण कराने और हल्के सामान ले जाने की सलाह दी गई है। सुरक्षा निर्देशों का पालन करने अफवाहों से बचने और आवश्यकतानुसार विश्राम करने का भी आग्रह किया गया है। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि भारी वर्षा, भूस्खलन अलर्ट अथवा अन्य प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में यात्रा नहीं करें। शॉर्टकट रास्तों से बचें, भूस्खलन संभावित स्थलों के पास विश्राम न करें और अपुष्ट सोशल मीडिया संदेशों पर विश्वास न करें।
साथ ही श्रद्धालुओं (Mata Vaishno Devi Yatra) से अनुशासित रहने, पर्याप्त पानी पीते रहने और तीव्र चढ़ाई के दौरान थकान से बचने हेतु निर्धारित आश्रयों में विश्राम करने का अनुरोध किया गया है। यात्रा से संबंधित किसी भी सहायता या जानकारी के लिए यात्री 24×7 उपलब्ध सामान्य हेल्पलाइन नंबर 1800-180-7212 पर संपर्क कर सकते हैं।

