अयोध्या : अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने गुरुवार को अयोध्या पहुंचकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन किए। वे अपने परिवार के साथ चार्टर्ड विमान से सुबह महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां से सीधे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे।
रामलला के दर्शन के बाद गौतम अडाणी ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “मुझे और मेरे परिवार को अयोध्या में भगवान राम के दर्शन करने का सौभाग्य मिला। यह एक भावुक और गर्व का क्षण है। यह मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, एकता और आत्मविश्वास का प्रतीक भी है।”
उन्होंने आगे कहा, “भगवान राम के आदर्श हमें सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि उनका आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे और देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।”
गौतम अडाणी ने यह भी बताया कि अडाणी फाउंडेशन कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के इस दौर में गुरुकुल परंपरा के संरक्षण के लिए हर संभव सहयोग करेगा।
आज अयोध्या जी में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन कर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।
श्रीराम का जीवन मर्यादा, करुणा और कर्तव्य का प्रतीक है, और उनके आदर्श हमें निरंतर धर्म और सत्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
हनुमान जयंती के पावन अवसर पर इस… pic.twitter.com/10vH1s26Cy
— Gautam Adani (@gautam_adani) April 2, 2026
दर्शन के बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन कर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, करुणा और कर्तव्य का प्रतीक है, जो सभी को धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
हनुमान जयंती के पावन अवसर पर परिवार सहित अयोध्या पहुंचकर उन्हें विशेष संतोष मिला। उन्होंने कामना की कि प्रभु श्रीराम और बजरंगबली देश को एकता, साहस और समृद्धि का आशीर्वाद दें।
गौरतलब है कि 2 अप्रैल को हनुमान जयंती भी मनाई जा रही है। इस अवसर पर श्रीराम मंदिर परिसर स्थित हनुमान मंदिर में दोपहर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें 150 से अधिक प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

