नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ़ वोकेशनल स्टडीज में 27 अप्रैल 2026 को वार्षिक दिवस समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। सायं 5 बजे प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में अतिथियों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों तथा गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का आरंभ दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलगीत, वंदे मातरम् और देवी स्तुति से हुआ। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया तथा अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर कॉलेज की नई वेबसाइट का शुभारंभ और पत्रिका ‘उर्वरा’ का विमोचन किया गया। साथ ही, कॉलेज का वार्षिक प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया गया।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. शिव कुमार साहदेव ने अपने संबोधन में संस्थान की समग्र शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए Research Innovation Cell, GATE Preparation Cell, Civil Services Cell, ICT Cell, Principal Internship Scheme तथा निःशुल्क प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों जैसी पहलों का उल्लेख किया। कॉलेज के शासी निकाय के अध्यक्ष प्रो. एम. एन. दोजा ने विद्यार्थियों को चुनौतियों का दृढ़ता से सामना करने की प्रेरणा दी और Artificial Intelligence के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला।
विशिष्ट अतिथि डॉ. मोनिका अरोड़ा ने स्वामी विवेकानंद से प्रेरित जीवन-मूल्यों का उल्लेख करते हुए नियमित अध्ययन, लेखन और आत्मचिंतन की आदत विकसित करने पर बल दिया। ग्रेटर कैलाश से विधायक मुख्य अतिथि शिखा रॉय ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य जिम्मेदार नागरिक बनाना है। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय मूल्यों पर गर्व करने के लिए भी प्रेरित किया।
समारोह में ‘Best Alumni Award’ सुमन डूंगा को, ‘Employee of the Year (Non-Teaching)’ सम्मान संजय कुमार को प्रदान किया गया। ‘Student of the Year’ पुरस्कार चिराग वर्मा, सौम्या मनकोटा और PwD श्रेणी में सुकृति खरे को दिए गए। इसके अलावा विभिन्न शैक्षणिक व सह-पाठ्यक्रम क्षेत्रों में भी पुरस्कार वितरित किए गए।
कार्यक्रम का समापन स्टाफ काउंसिल सचिव गुनीत गिल के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस आयोजन ने संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता और सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

