ग्रेटर नोएडा : HCLफाउंडेशन, ने गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में स्पोर्ट्स फॉर चेंज (एसएफसी) नेशनल फाइनल्स 2026 के 8वें संस्करण की मेजबानी की। तीन दिनों तक चले इस भव्य आयोजन में देश के 15 राज्यों से 600 युवा एथलीट शामिल हुए, जिनमें 300 लड़के और 300 लड़कियां थीं।
इस प्रतियोगिता में 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एथलीट एक मंच पर आए, जिनमें उत्तर प्रदेश, लद्दाख, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, असम, सिक्किम और नागालैंड शामिल हैं। सभी प्रतिभागियों ने सात अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिनमें फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, तीरंदाजी, बैडमिंटन और टेबल टेनिस शामिल हैं।
डॉ. निधि पुंधीर, एसवीपी, ग्लोबल सीएसआर, HCLटेक और निदेशक, HCLफाउंडेशन ने कहा, “HCLफाउंडेशन में हमारा मानना है कि हर बच्चे को, , अपनी क्षमता को पहचानने और अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर मिलना चाहिए। जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को तराशने और एक ऐसा माहौल तैयार करने के माध्यम से, जहां युवा एथलीटों को बड़े सपने देखने, खुद को मजबूत बनाने और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, हमें उम्मीद है कि यह नेशनल फाइनल्स हर प्रतिभागी को यह प्रेरणा देगा कि उनकी परिस्थितियां उनका भविष्य तय नहीं कर सकतीं।”
स्पोर्ट्स फॉर चेंज का मुख्य उद्देश्य गरीबी, वर्ग, जाति और शारीरिक अक्षमता की बाधाओं को तोड़कर वंचित बच्चों और युवाओं को खेल के माध्यम से अपनी पूरी क्षमता का एहसास कराने का अवसर देना है। इस कार्यक्रम ने अब तक भारत भर में 74,000 से अधिक बच्चों और युवाओं तक अपनी पहुंच बनाई है, जिनमें 474 पैरा-एथलीट भी शामिल हैं। इस साल की स्पोर्ट्स फॉर चेंज प्रतियोगिता में 12,000 से अधिक युवा एथलीटों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही, इस वर्ष बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कोचिंग, खेल उपकरण, बेहतर पोषण और प्रशिक्षण सुविधाओं की मदद देने के लिए 30 से अधिक स्पोर्ट्स स्कॉलरशिप प्रदान की जाएंगी। इस अनूठी पहल की मदद से 490 से अधिक एथलीट राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचने में सफल रहे हैं, जबकि 38 एथलीटों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इनमें से कुछ प्रमुख नामों में जेरलिन अनिका (बैडमिंटन), प्रीति पाल (100 मीटर और 200 मीटर दौड़), अक्षया (रग्बी), राजकुमारी (पावरलिफ्टिंग) और कनिश्री (शतरंज) शामिल हैं।

