रणवीर सिंह
हांगझोउ। चीन के हांगझोउ में आयोजित आईएसएसएफ राइफल/पिस्टल/शॉटगन विश्व कप में भारत की युवा निशानेबाज सैयम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने टूर्नामेंट में भारत का पदक खाता भी खोल दिया।
22 वर्षीय सैयम ने बेहद दबावपूर्ण फाइनल में संयम और सटीक निशानेबाजी का परिचय देते हुए 243.4 अंक हासिल किए और दुनिया की शीर्ष निशानेबाजों के बीच दूसरा स्थान प्राप्त किया। इससे पहले उन्होंने 579 अंकों के साथ फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।
राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) के अध्यक्ष कालिकेश नारायण सिंह देव ने सैयम की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि हांगझोउ में उनका पदक जीतना उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और तकनीकी दक्षता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के बीच दबाव में शानदार प्रदर्शन करना आसान नहीं होता और सैयम ने यह साबित किया है कि वह लगातार उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हैं।
एनआरएआई के महासचिव पवन कुमार सिंह ने कहा कि जूनियर स्तर पर सफलता हासिल करने के बाद अब सीनियर विश्व कप में पदक जीतना सैयम के निरंतर विकास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दबाव में उनका प्रदर्शन देश के युवा निशानेबाजों के लिए प्रेरणादायक है।
हांगझोउ में यह सफलता सैयम के शानदार घरेलू प्रदर्शन के बाद आई है। उन्होंने हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय चयन ट्रायल (टी-2) के 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में 243.1 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था। इससे पहले वह दोहा में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में भी रजत पदक जीत चुकी हैं।
चंडीगढ़ की रहने वाली सैयम ने पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी पहचान मजबूत की है। वर्ष 2023 में उन्होंने सुहल (जर्मनी) में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप तथा चांगवोन (दक्षिण कोरिया) में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीते थे। इसके अलावा खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भी उन्होंने पदक हासिल किया था।
इस स्पर्धा में भारत की सुरुचि इंदर सिंह भी फाइनल में पहुंचीं और 137.6 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहीं। उन्होंने क्वालीफिकेशन में 579-20x का स्कोर बनाया था।
वहीं, ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने रैंकिंग प्वाइंट्स ओनली (RPO) श्रेणी में खेलते हुए भारतीय खिलाड़ियों में सर्वाधिक 582-12x का स्कोर बनाया। ईशा सिंह ने 577-22x के साथ 13वां स्थान हासिल किया, जबकि लक्षिता ने आरपीओ श्रेणी में 572-14x का स्कोर दर्ज किया।
सैयम के रजत पदक से भारत ने आईएसएसएफ विश्व कप में सकारात्मक शुरुआत की है और आने वाली स्पर्धाओं में भारतीय निशानेबाजों से और पदकों की उम्मीद बढ़ गई है।

